मुंगेली के शिवम सिंह राजपूत को “देश राग” कार्यक्रम में प्रथम स्थान, मिला श्री श्री जयपद्मा सम्मान

मुंगेली। नृत्यधाम कला समिति भिलाई द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित “देश राग” कार्यक्रम में मुंगेली के शिवम सिंह राजपूत ने अपने उत्कृष्ट नृत्य कौशल और गहन ज्ञान के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता 4 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक चली, जिसमें देशभर से प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।



कार्यक्रम के प्रारंभिक दौर में प्रतिभागियों को नृत्य प्रदर्शन और मौखिक प्रश्न राउंड से गुजरना पड़ा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन आगे के चरणों के लिए किया गया।
अगले चरण में शिवम सिंह राजपूत ने “शंकर अति प्रचंड” पर अपनी भावपूर्ण और ऊर्जावान प्रस्तुति से निर्णायकों का दिल जीत लिया। उन्होंने ताल, लय और भाव के समन्वय से ऐसी अद्भुत प्रस्तुति दी कि निर्णायक मंडल प्रभावित हुए। मौखिक प्रश्न राउंड में भी शिवम ने चारों निर्णायकों के प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर अपनी विद्वत्ता का परिचय दिया।

अंतिम चरण में 10 से 12 प्रतिभागी पहुँचे, जिनमें सर्वाधिक अंक प्राप्त कर शिवम सिंह राजपूत ने “श्री श्री जयपद्मा सम्मान” पुरस्कार हासिल किया।


शिवम सिंह राजपूत मुंगेली निवासी विष्णु सिंह राजपूत (ग्राम पंचायत सचिव) और शकुंतला राजपूत (शिक्षिका) के सुपुत्र हैं। वर्तमान में वे इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ में कत्थक पोस्ट ग्रेजुएट के छात्र हैं। उन्होंने अपना नृत्य प्रशिक्षण ब्लॉसमिंग योग एंड डांस स्टूडियो, सरोना (रायपुर) में प्राप्त किया है।

शिवम अब तक 1000 से अधिक विद्यार्थियों को डांस सिखा चुके हैं और बतौर डांस शिक्षक सेवा दे रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे मुंगेली जिले और समाज का नाम गौरवान्वित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!