ब्रेकिंग न्यूज

सफाई में लापरवाही पर मुंगेली CMO को कारण बताओ नोटिस, कलेक्टर ने जताई नाराजगी

मुंगेली, 22 अप्रैल 2025:
जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज सुबह मुंगेली नगर के प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों पर गंदगी देखने को मिली, जिससे कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका मुंगेली के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) आशीष तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।



कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नगर के मुख्य चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था अनिवार्य रूप से बनी रहनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने नगर पालिका की पूरी टीम को नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।



इसके साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में रात्रिकालीन सफाई की व्यवस्था की जाए तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने के लिए वॉल पेंटिंग्स के माध्यम से संदेश प्रसारित किए जाएं। शहर में अंधेरे वाले स्थानों पर उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया और उन्हें तय समयसीमा व उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से संवाद कर पेयजल, मच्छर, विद्युत सहित अन्य समस्याओं की जानकारी ली और प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।



कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। इस अवसर पर मुंगेली SDM पार्वती पटेल सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!