ब्रेकिंग न्यूज

भगवान झूलेलाल पर अपमानजनक टिप्पणी से सिंधी समाज भड़का — अमित बघेल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

सार्वजनिक मंच से भड़काऊ बयान पर सिंधी समाज का आक्रोश — सिटी कोतवाली, मुंगेली में सौंपा गया ज्ञापन, कहा “धर्म और समाज का अपमान बर्दाश्त नहीं”

मुंगेली।छत्तीसगढ़ कांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा सिंधी समाज और उनके आराध्य भगवान श्री झूलेलाल जी के प्रति अमर्यादित, भड़काऊ और अपमानजनक टिप्पणी किए जाने पर सिंधी समाज में भारी रोष व्याप्त है। इस टिप्पणी को लेकर समाज ने मंगलवार को सिटी कोतवाली, मुंगेली पहुंचकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।



ज्ञापन में समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि अमित बघेल द्वारा सार्वजनिक मंच से सिंधी समाज को ‘पाकिस्तानी’ कहकर संबोधित करना और भगवान झूलेलाल के संबंध में की गई निंदनीय टिप्पणी समाज की धार्मिक भावनाओं को गहराई से आहत करती है। समाज के लोगों का कहना है कि यह बयान राज्य की सामाजिक एकता, धार्मिक सौहार्द और सार्वजनिक शांति के लिए गंभीर खतरा है।



सिंधी समाज के सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन इस मामले में शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं करता, तो समाज राज्यव्यापी आंदोलन करने को विवश होगा। समाज ने यह भी स्पष्ट किया कि सिंधी समाज सदैव राष्ट्रभक्त, शांतिप्रिय और सद्भावनापूर्ण जीवन मूल्यों में विश्वास करता है, परंतु अपने धर्म, आराध्य देवता और समाज के सम्मान पर कोई आंच बर्दाश्त नहीं करेगा।


प्रदर्शन के दौरान समाज के वरिष्ठ जनों, महिलाओं और युवाओं ने एक सुर में कहा —

“जो हमारे आराध्य भगवान झूलेलाल जी का अपमान करेगा, वह पूरे सिंधी समाज के सम्मान को चुनौती देगा — और इस अपमान का जवाब कानून के तहत ही सही, लेकिन सख्ती से दिया जाएगा।”


समाज ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धर्म और समाज के बीच वैमनस्य फैलाने की हिम्मत न करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!