
गांधी वार्ड में जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में सक्रिय पहल, नागरिकों ने जताया आभार
मुंगेली।गांधी वार्ड के सक्रिय एवं जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील पार्षद विनय चोपड़ा ने एक बार फिर अपनी कार्यशैली से वार्डवासियों का दिल जीत लिया है। वार्ड में वर्षों से सुधीर सोनी के निवास के सामने बेकार पड़ा खंभा तथा रामलाल साव के घर के सामने लंबे समय से खड़ी फालतू कांबी (लोहे का खंभा) को आखिरकार पार्षद के प्रयासों से हटवा दिया गया।

यह खंभे कई वर्षों से वहां अनुपयोगी स्थिति में पड़े हुए थे, जिससे न केवल आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। स्थानीय नागरिकों ने कई बार इस समस्या को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा था।

पार्षद विनय चोपड़ा ने कहा कि, “वार्डवासियों की सुविधा और सुरक्षा मेरी प्राथमिकता है। नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना मेरा कर्तव्य है और भविष्य में भी इसी तरह जनहित के कार्य जारी रहेंगे।”
पार्षद विनय चोपड़ा ने वार्डवासियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित किया और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करवाई। उनके प्रयासों से दोनों स्थानों से अनुपयोगी खंभों को हटाकर रास्ता साफ किया गया, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।

इस कार्य के बाद वार्डवासियों ने पार्षद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विनय चोपड़ा लगातार वार्ड के विकास और नागरिक सुविधाओं के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनका यह प्रयास जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस पहल से गांधी वार्ड में सकारात्मक माहौल बना हुआ है और नागरिकों में यह विश्वास मजबूत हुआ है कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। वार्ड में इस तरह की सक्रिय कार्यशैली से विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


