डिफॉल्टर ऋणियों पर जिला प्रशासन की सख्ती, वसूली के लिए जारी हुए नोटिस



बकाया राशि नहीं चुकाने पर संपत्ति होगी नीलाम

मुंगेली, 05 मार्च 2025 – जिला प्रशासन ने बैंकों के डिफॉल्टर ऋणियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए वसूली प्रक्रिया को तेज कर दिया है। कलेक्टर श्री राहुल देव के निर्देश पर बैंकों से डिफॉल्टर खाताधारकों की सूची मंगाई गई, जिसके आधार पर आरआरसी (दंडात्मक कार्रवाई) दर्ज की गई है।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बकाया वसूली को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बकाया ऋण जमा नहीं करने पर संपत्ति की नीलामी के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन ने तहसीलदार को निर्देशित किया है कि सभी डिफॉल्टर ऋणियों को नोटिस जारी कर शीघ्र वसूली सुनिश्चित की जाए।

139 डिफॉल्टर ऋणियों पर कार्रवाई, 1.40 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, मुंगेली शाखा ने 139 डिफॉल्टर ऋणियों की सूची तैयार की है, जिनसे 1.40 करोड़ रुपये की वसूली की जानी है। बैंक के ब्रांच मैनेजर श्री विनय कुर्रे ने बताया कि इन सभी ऋणियों के खिलाफ आरआरसी दर्ज की जा चुकी है।

शिक्षकों और किसानों पर प्रशासन की विशेष नजर

जांच में पाया गया कि कुछ शिक्षकों ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, मुंगेली से ऋण लिया था, लेकिन बाद में अपने वेतन खाते को अन्य बैंकों में स्थानांतरित कर दिया। इस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है कि इन शिक्षकों के वेतन को पुनः छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में स्थानांतरित किया जाए, जिससे बकाया राशि की कटौती हो सके।

वहीं, किसानों के मामलों में यह सामने आया कि उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक से ऋण लिया था, लेकिन उनकी धान विक्रय की राशि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में जमा हो रही है। इस पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए किसानों के ऋण भुगतान की प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।


जल्द होगी कड़ी कार्रवाई
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यदि ऋणी जल्द ही बकाया राशि का भुगतान नहीं करते हैं, तो उनकी संपत्तियों की कुर्की और नीलामी की जाएगी। इसके लिए बैंक और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से सख्त कदमउठाने की तैयारी में हैं।

ऋणियों से अपील

प्रशासन ने सभी डिफॉल्टर ऋणियों से अपील की है कि वे शीघ्र ही अपने बकाया ऋण की अदायगी करें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!