
मुंगेली। स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान के तहत कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में नगर में स्वदेशी संकल्प यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। रेस्ट हाउस मैदान दाउपारा से प्रारंभ होकर यात्रा दाउपारा, पुलपारा, पुराना बस स्टैंड, भ. परशुराम चौक, सदर बाजार, भ. महावीर स्वामी चौक, गोल बाजार, बालानी चौक, परमेश्वरी चौक, पड़ाव चौक, महाराणा प्रताप चौक होते हुए नेहरू चौक नया बस स्टैंड पहुंची।

महिमा कॉम्पलेक्स के पास सराफा व्यापारी संगठन द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया और स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। संकल्प यात्रा में एन.सी.सी. कैडेट्स और न.पा. स्कूल के छात्र-छात्राओं ने “स्वदेशी अपनाओ”, “अपनी रक्षा आप करो” के नारे लगाकर माहौल को स्वदेशी भावना से भर दिया।
यात्रा के संबंध में जानकारी देते हुए जिला संयोजक आकाश सोनी ने बताया कि पूरे देश में स्वदेशी एवं आत्मनिर्भरता का संदेश फैलाने के लिए संकल्प यात्रा निकाली जा रही है, उसी क्रम में मुंगेली में भी यह यात्रा आयोजित की गई। यात्रा अंत में नेहरू चौक पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गई।
सभा के मुख्य अतिथि पुन्नूलाल मोहले विधायक मुंगेली के साथ मंच पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल सोनी, न.पा. अध्यक्ष रोहित शुक्ला, पूर्व न.पा. अध्यक्ष शैलेष पाठक, जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जेठमल कोटड़िया, दिनेश सोनी, श्रीकांत गोवर्धन, दुष्यंत दुबे, प्रवीण वैष्णव, मोहन भोजवानी, आर.एस.एस. जिला कार्यवाह हजारी साहू, रायपुर कैट के पदाधिकारी शंकर बजाज अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि पुन्नूलाल मोहले ने अपने तुकबंदी भरे अंदाज़ में कहा कि भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेशवासी संकल्पित हैं। यह केवल दायित्व नहीं, बल्कि कर्तव्य है। उन्होंने स्वदेशी अपनाने और विदेशी वस्तुओं का त्याग कर देश को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
न.पा. अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने स्वदेशी, स्थायी व्यापार और वोकल फॉर लोकल अभियान को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी। पूर्व नपाध्यक्ष शैलेष पाठक ने कहा कि विदेशी सामग्री के उपयोग से धन विदेश जाता है, इसलिए भारत और क्षेत्र की तरक्की के लिए स्वदेशी अपनाना आवश्यक है।
सामूहिक संकल्प
सभा में नागरिकों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया—
भारत को आर्थिक रूप से सुरक्षित, समृद्ध और स्वावलंबी बनाने हेतु स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देंगे।
चीनी, तुर्की, अमेरिकी तथा अन्य विदेशी उत्पादों से दूरी बनाएंगे।
स्वदेशी क्रय-विक्रय, भाषा, वेशभूषा, उत्सव पद्धति को बढ़ावा देंगे।
“हर घर स्वदेशी, हर युवा उद्यमी” के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने हेतु सतत प्रयत्न करेंगे।
इस अवसर पर संदीप ताम्रकार, रवि पौराणिक, चम्पा सुथार, शरद ताम्रकार, विवेक केशरवानी, राणा प्रताप सिंह, सौरभ बाजपेयी, राहुल पाठक, राकेश साहू, विनय चोपड़ा, सूरज यादव, निमेष देवांगन, प्रवीण सोनी, वशिष्ठ प्रताप सिंह, जितेंद्र दावड़ा, अनूप जैन, अरविंद केशरवानी, सुदीप ताम्रकार, मन्नू श्रीवास्तव, अमन शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में जिला संयोजक आकाश सोनी ने आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात रथ यात्रा रायपुर के लिए प्रस्थान कर गई।


