तालाब में डूबे युवक का शव बरामद, प्रशासन ने दिखाई तत्परता,कलेक्टर-एसपी पहुंचे घटनास्थल

मुंगेली, 21 मार्च 2025। लोरमी विकासखंड के ग्राम साल्हेघोरी में तालाब में डूबे युवक का शव प्रशासन की मुस्तैदी से खोज निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर राहुल देव और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशानुसार प्रशासनिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और होमगार्ड टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।


घंटों तलाशी के बावजूद युवक का पता नहीं चलने पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पहुंचे और तलाशी अभियान में जुटी टीम को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने डूबे युवक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और मामले की विस्तृत जानकारी ली।

बिलासपुर से बुलाए गए गोताखोर, घंटों चली तलाशी

कलेक्टर के निर्देश पर बिलासपुर से गोताखोर दल को बुलाया गया, ताकि तेजी से तलाशी अभियान पूरा किया जा सके। गोताखोरों ने सघन तलाशी अभियान चलाया और अंततः युवक का शव तालाब से बरामद किया। कलेक्टर राहुल देव ने युवक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और आम नागरिकों से जल स्रोतों में सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।



दशगात्र में शामिल होने आया था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नवागांव ठेल्का निवासी संतोष कुमार (पिता हरि प्रसाद) 20 मार्च को साल्हेघोरी में अपने रिश्तेदार के यहां दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इसी दौरान वे तालाब में नहाने गए, जहां वे डूब गए। आसपास के लोगों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो तुरंत प्रशासन को सूचित किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही लोरमी के एसडीएम अजीत पुजारी और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा तत्परता दिखाते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया गया और अंततः युवक का शव बरामद किया गया।



जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि

इस दुखद घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने परिजनों को सांत्वना दी और गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

प्रशासन ने लोगों से जल स्रोतों में सतर्कता बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!