ब्रेकिंग न्यूज

मुंगेली में गूंजा वीरता का जयघोष: महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना से शहर को मिली नई पहचान

मुंगेली।शहर ने शनिवार को एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बनते हुए वीरता, सम्मान और सांस्कृतिक एकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। महान योद्धा महाराणा प्रताप की विशाल प्रतिमा के नगर आगमन पर पूरे मुंगेली में उत्सव का माहौल बन गया। जगह-जगह आतिशबाजी, पुष्प वर्षा और जयघोष के बीच लोगों ने इस ऐतिहासिक पल का स्वागत किया।



क्षत्रिय समाज के नेतृत्व में निकाली गई भव्य रैली ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया। भक्त माता कर्मा चौक से शुरू होकर पड़ाव चौक तक पहुँची इस रैली में सैकड़ों लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और वीरता के प्रतीक महाराणा प्रताप के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। रैली के समापन पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रतिमा की स्थापना की गई, जिससे ‘महाराणा प्रताप चौक’ की पहचान और सशक्त हो गई।

कार्यक्रम के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय विपनेश सिंह और युग कवि स्वर्गीय केदार सिंह परिहार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बताया कि वर्षों पहले देखा गया यह सपना आज साकार हुआ है, जो समाज की एकजुटता और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

इस अवसर पर नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी सहभागिता निभाते हुए आयोजन की सराहना की और प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण तथा आगामी भव्य अनावरण समारोह के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों के सहयोग से संपन्न यह आयोजन मुंगेली के सांस्कृतिक इतिहास में एक नई पहचान जोड़ गया। यह आयोजन न केवल समाज की एकता का प्रतीक बना, बल्कि नई पीढ़ी को वीरता, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देने वाला भी सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!