
मुंगेली, 21 अप्रैल 2025 – आज मुंगेली जिले के लिए गर्व का क्षण रहा जब जिले से चयनित सभी अग्निवीरों का भव्य सैनिक सम्मान समारोह रेस्ट हाउस मुंगेली में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पूर्व सैनिक श्री त्रिभुवन यादव की अगुवाई में और स्टार्स ऑफ टुमारो संस्था के सहयोग से संपन्न हुआ।

इस सम्मान समारोह में उन सभी युवाओं को सम्मानित किया गया जो हाल ही में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित हुए हैं। ये वही युवा हैं जिन्हें पूर्व सैनिक त्रिभुवन यादव द्वारा बीते एक वर्ष से मुंगेली स्टेडियम में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा था। इस वर्ष मुंगेली जिले से 33 से भी अधिक युवाओं का चयन हुआ है, जो जिले के लिए अत्यंत गौरव की बात है।

उल्लेखनीय है कि त्रिभुवन यादव ने मार्च 2021 में भारतीय सेना से 16 वर्षों की सेवा के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली और तभी से जिले के लड़के-लड़कियों को निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन और परिश्रम का परिणाम है कि वर्ष 2023 में 27, 2024 में 29 और 2025 में 33 से अधिक युवाओं का चयन भारतीय सेना में हो चुका है। साथ ही पिछले तीन वर्षों में SSC सहित अन्य सेवाओं में भी 50 से अधिक युवा सफल हो चुके हैं। इस प्रकार पिछले तीन वर्षों में 100 से अधिक युवाओं को सेना व अन्य बलों में भेजकर त्रिभुवन यादव ने समाज व राष्ट्र सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है।
समारोह में मुंगेली थाना के टीआई यादव ने बताया कि त्रिभुवन यादव द्वारा बच्चों को कठोर और अनुशासित प्रशिक्षण दिया जाता है, जो उनके चयन का मूल कारण है।

स्टार्स ऑफ टुमारो के संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि त्रिभुवन यादव नि:स्वार्थ भाव से राष्ट्रसेवा कर रहे हैं, जिसका लाभ अधिक से अधिक युवाओं को लेना चाहिए।

समारोह के अंत में त्रिभुवन यादव ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए चयनित युवाओं के उज्जवल भविष्य की कामना की और उन्हें सम्मान सहित विदा किया।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक कमल प्रसाद मंगेशकर, नेमसिंह राजपूत, शहीद धनंजय सिंह राजपूत के बड़े भाई, रामपाल सिंह ठाकुर, महावीर सिंह ठाकुर, रामशरण यादव, महेश साहू और स्टार्स ऑफ टुमारो के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने चयनित अग्निवीरों को शॉल, माला व मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।