
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ की प्रस्तावित प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संतोष साहू के बीच संगठनात्मक संरचना और कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में पूर्व सैनिकों की भूमिका को संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व सैनिक केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राष्ट्र जीवन में अनुशासन, नेतृत्व और समर्पण के प्रतीक हैं। उनका अनुभव और राष्ट्रनिष्ठा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
प्रदेश संयोजक संतोष साहू ने बताया कि उन्होंने प्रदेशभर में प्रवास कर पूर्व सैनिकों से संपर्क स्थापित किया है और उन्हें संगठन की विचारधारा से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की सक्रिय भागीदारी से संगठन विस्तार और राष्ट्र सेवा के कार्यों को नई गति मिलेगी।
बैठक में आगामी कार्ययोजना के तहत प्रत्येक जिले में सक्रिय जिला संयोजक मंडल के गठन, युवाओं के लिए प्रेरणा अभियान, राष्ट्र सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, सामाजिक सेवा गतिविधियों और संगठनात्मक प्रशिक्षण कार्यशालाओं के आयोजन का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर पूर्व सैनिकों की संरचित भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा शीघ्र किए जाने की जानकारी भी दी गई।
बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि पूर्व सैनिकों की अनुशासित ऊर्जा और अनुभव संगठन को सुदृढ़ बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।


