
मुंगेली | वेब डेस्क
मुंगेली के बलानी चौक स्थित मोनिका ज्वेलर्स में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सोने का पेंडल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, दुकान संचालक सतीश कुमार सोनी (58 वर्ष) ने 11 फरवरी 2026 को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात युवक मंगलसूत्र का पेंडल खरीदने के बहाने दुकान में आया और मौका पाकर लगभग 09.05 ग्राम वजनी सोने का पेंडल चोरी कर फरार हो गया।
सीसीटीवी और हाईटेक कैमरों से मिली अहम सुराग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और शहर के हाईटेक कैमरों का विश्लेषण किया गया, जिसमें दो संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट की ब्लैक-रेड मोटरसाइकिल पर नजर आए।
मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान ग्राम घोरबंधा, थाना लोरमी निवासी
श्लोक कुमार पात्रे (22 वर्ष)
विवेक कुमार पात्रे (19 वर्ष)
के रूप में की गई।
चोरी का माल बेचने जाते समय दबोचे गए आरोपी
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उन्होंने वारदात के समय मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट निकाल दी थी और चोरी किए गए पेंडल को सीट के अंदर छिपाकर रखा था।
15 फरवरी 2026 को पुलिस ने आरोपियों को चोरी का माल बेचने जाते
समय गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से:
09.05 ग्राम सोने का पेंडल (कीमत लगभग ₹85,000)
मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹1,00,000)
कुल ₹1,85,000 का मशरूका जब्त किया गया।
दोनों आरोपियों को 16 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल प्रभारी प्रसाद सिन्हा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आम जनता से अपील
मुंगेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।


