गांव एवं नगरीय निकायों में पानी की ना हो समस्या, करें उचित व्यवस्था – कलेक्टर



विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों का बेहतर क्रियान्वयन करने के दिए निर्देश

मुंगेली, 25 मार्च 2025 // कलेक्टर राहुल देव ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और जिले में बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए।


ग्रीष्मकाल में बढ़ते तापमान, गर्मी और गिरते भूमिगत जलस्तर को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने नगरीय निकायों में सभी सीएमओ को वार्डों का दौरा कर पानी की समस्या का जायजा लेने और उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जल आपूर्ति की उचित व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता कुन्दन राणा ने बताया कि जिले में जल संकटग्रस्त 139 गांवों की पहचान कर पानी पहुंचाने की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

आर.टी.ई. प्रवेश के लिए पैसे मांगने पर करें शिकायत

कलेक्टर ने शिक्षा का अधिकार (आर.टी.ई.) के तहत प्रवेश प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए पात्र बच्चों को पारदर्शी तरीके से प्रवेश देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आर.टी.ई. के अंतर्गत प्रवेश के लिए पैसे मांगने पर शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 9406275513, 9406275534, 9406275514, 8641002203 जारी किए गए हैं। कोई भी व्यक्ति इन नंबरों पर कॉल कर शिकायत कर सकता है।

उन्होंने आयुष्मान और वय वंदना कार्ड तथा वृद्धावस्था पेंशन कार्ड बनाने की प्रगति की समीक्षा की और पात्र हितग्राहियों के कार्ड जल्द से जल्द बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कन्या विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारी की जानकारी लेकर गरिमामय आयोजन के निर्देश दिए।



सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने लोरमी कॉलेज से खाम्ही तक सड़क निर्माण और मुंगेली से फास्टरपुर नेशनल हाईवे निर्माण की प्रगति की समीक्षा की और तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

राजस्व प्रकरणों के धीमे निराकरण पर नायब तहसीलदार को नोटिस

राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन जैसे प्रकरणों की विस्तार से जांच की। पथरिया में मामलों के धीमे निपटान पर नायब तहसीलदार चंद्रकांत चंद्रवंशी को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, पीएम जनजाति उत्कर्ष महाभियान, चिराग परियोजना, कलेक्टर जनदर्शन, किसान कार्ड पंजीयन, सरपंचों का प्रशिक्षण, धान उठाव, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे विषयों पर चर्चा कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर मेनका प्रधान, मुंगेली एसडीएम पार्वती पटेल, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम बी.आर. ठाकुर सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!