छत्तीसगढ़ में जल्द जारी हो सकती है IAS अफसरों की ट्रांसफर लिस्ट, कई जिलों के कलेक्टर बदल सकते हैं


रायपुर: छत्तीसगढ़ में विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद अब किसी भी समय IAS अधिकारियों की ट्रांसफर लिस्ट जारी हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, इस लिस्ट में कई जिलों के कलेक्टरों के नाम शामिल होंगे। साथ ही, सचिव और प्रमुख सचिव स्तर पर भी बदलाव की संभावना है। सचिव स्तर पर पदोन्नति के कारण दो जिलों के कलेक्टर सीधे प्रभावित होंगे, जिसके चलते अन्य जिलों में भी फेरबदल हो सकता है।

जानकारी के मुताबिक, कोरबा और मुंगेली के कलेक्टरों को बड़े जिलों में तैनाती मिल सकती है। साथ ही, जिन दो कलेक्टरों को प्रमोशन देकर सचिव बनाया जाएगा, वे मंत्रालय लौट सकते हैं। इनमें से एक अधिकारी को कमिश्नर के रूप में पोस्टिंग देने की भी चर्चा है।

कोरबा के लिए रायपुर के दो नाम संभावित, बड़े जिलों के कलेक्टर बदल सकते हैं

सूत्रों के अनुसार, कोरबा जिले में रायपुर के दो अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं। वहीं, एक अन्य कलेक्टर को कोरबा जैसा बड़ा जिला मिलने की संभावना है। इस ट्रांसफर लिस्ट में राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के अधिकारियों के लिए भी नई पोस्टिंग के आदेश जारी हो सकते हैं। पाठ्य पुस्तक निगम के महाप्रबंधक (GM) का पद खाली है, जिसके लिए भी सरकार द्वारा पोस्टिंग आदेश जारी किए जाने की संभावना है।

सुबोध सिंह बन सकते हैं मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव

दिल्ली से लौटे वरिष्ठ IAS अधिकारी सुबोध सिंह ने कल मंत्रालय में ज्वाइन कर लिया है। खबर है कि उन्हें मुख्यमंत्री सचिवालय में तैनात किया जा सकता है। चर्चा है कि सुबोध सिंह को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया जा सकता है। मंत्रालय में ज्वाइनिंग के बाद उन्होंने मुख्य सचिव से मुलाकात की, जिसके बाद से इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया है।

अमित कटारिया को भी मिल सकती है नई जिम्मेदारी

सुबोध सिंह के अलावा अमित कटारिया की नई पोस्टिंग को लेकर भी चर्चाएं जोरों पर हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही उनकी तैनाती का आदेश भी जारी हो सकता है। आगामी आदेशों में कई अन्य IAS और राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के अधिकारियों के भी तबादले और पोस्टिंग के आदेश जारी हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!