बीजापुर में नक्सलियों की बर्बरता: कांग्रेस कार्यकर्ता नागा भंडारी की धारदार हथियार से हत्या, छह महीने पहले भाई की भी ली थी जान

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक और नक्सली वारदात की खबर सामने आई है। नक्सलियों ने कांग्रेस कार्यकर्ता नागा भंडारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी है। यह घटना बीजापुर के उसूर थाना क्षेत्र के मारुड़बाका के लिंगापुर गांव की है, जहां बीती रात नक्सलियों ने इस हत्या को अंजाम दिया।


सूत्रों के अनुसार, नागा भंडारी बीते कई वर्षों से गांव छोड़कर बीजापुर में रह रहे थे, लेकिन किसी काम से वे कल अपने गांव मारुड़बका आए थे और वहीं से लिंगापुर पहुंचे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने उन्हें घेरकर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

गौरतलब है कि करीब छह महीने पहले ही नक्सलियों ने नागा भंडारी के छोटे भाई तिरुपति भंडारी की भी हत्या कर दी थी। तिरुपति की हत्या उसूर क्षेत्र में सोसाइटी के पास की गई थी। दोनों भाई कांग्रेस पार्टी से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। नागा भंडारी ने हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में सरपंच पद के लिए भी चुनाव लड़ा था।

इस नृशंस हत्या पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा,

> “नागा भंडारी पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता थे। उनकी हत्या बेहद निंदनीय और दुखद है। मैं उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं। पार्टी इस मुश्किल समय में परिवार के साथ खड़ी है।”


यह घटना नक्सलियों की बढ़ती बर्बरता और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने की प्रवृत्ति को दर्शाती है। पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में तनाव का माहौल है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!