महिलाओं को महतारी वंदन योजना में 500 रुपये ही मिलेंगे? मंत्री के जवाब से सदन में हंगामा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना की राशि में कटौती को लेकर विधानसभा में विपक्ष और सरकार के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल के सवाल पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जवाब दिया, जिससे विपक्षी विधायकों ने हंगामा खड़ा कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

विधानसभा में कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने सवाल किया कि 60 साल से अधिक उम्र की महिलाएं, जो शादीशुदा, विधवा या परित्यक्ता हैं, उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि में कटौती की जा रही है या नहीं?

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का चौंकाने वाला जवाब

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जवाब देते हुए कहा कि इन महिलाओं की पेंशन नहीं काटी जा रही, बल्कि महतारी वंदन योजना की राशि में अंतर दिया जा रहा है। जब विधायक उमेश पटेल ने पूछा कि योजना के तहत 1,000 रुपये क्यों नहीं मिल रहे? तो मंत्री ने जवाब दिया कि 500 रुपये की कटौती कर महिलाओं को सिर्फ 500 रुपये ही दिए जा रहे हैं।

कांग्रेस विधायकों का हंगामा, बीजेपी पर धोखे का आरोप

मंत्री के इस जवाब के बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन में जोरदार हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और विधायक उमेश पटेल ने कहा कि बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में 1,000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन अब सिर्फ 500 रुपये दिए जा रहे हैं, जो महिलाओं के साथ धोखा है।

अब देखना होगा कि इस मुद्दे पर सरकार क्या सफाई देती है और क्या महिलाओं को पूरा लाभ मिलेगा या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!