मुंगेली। नगर के बहुप्रतीक्षित गौरवपथ निर्माण कार्य में आखिरकार तेजी आने लगी है। सड़क की बदहाल स्थिति और धूल से परेशान नगरवासियों एवं व्यापारियों को राहत दिलाने के लिए मंगलवार से पेंच वर्क का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। वहीं बुधवार से बीटी डामरीकरण शुरू करने की तैयारी है। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला और एल्डरमैन अमितेश आर्य की पहल एवं लगातार दबाव के बाद ठेका कंपनी को निर्माण कार्य में तेजी लानी पड़ी है।

गौरवपथ पर लंबे समय से निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर नगरवासियों में नाराजगी थी। सड़क पर उड़ती धूल से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा था, वहीं राहगीरों और आम नागरिकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने संबंधित ठेकेदार को कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों की सक्रियता के बाद अब सड़क मरम्मत एवं डामरीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।
मंगलवार को कार्य प्रारंभ होने के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, पार्षद विनय चोपड़ा, एल्डरमैन अमितेश आर्य, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी, इंजीनियर नेमीचंद वर्मा सहित ठेका कंपनी के कर्मचारी उपस्थित रहे। विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्य की शुरुआत की गई।
स्वागत द्वार निर्माण में देरी पर भी उठ रहे सवाल
गौरवपथ के कार्य में तेजी आने के बाद अब नगरवासियों के बीच एक और महत्वपूर्ण सवाल उठने लगा है कि क्या नगर के स्वागत द्वार निर्माण करने वाले ठेकेदारों पर भी इसी तरह की सख्ती दिखाई जाएगी?
स्वागत द्वार का निर्माण कार्य अधूरा रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। हाल ही में हुई दो दिनों की बारिश के दौरान निर्माण स्थल पर फिसलन की स्थिति निर्मित हो गई थी, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर निर्माण कार्य अधूरा रहने और उचित व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
गौरवपथ पर दिखी पहल, अब स्वागत द्वार की बारी?
नगरवासियों का कहना है कि जब गौरवपथ के ठेकेदार पर जनप्रतिनिधियों की पहल और दबाव के बाद कार्य में तेजी लाई जा सकती है, तो स्वागत द्वार के निर्माण में हो रही देरी पर भी जिम्मेदार ठेकेदार से जवाबदेही तय की जानी चाहिए। आखिर कब तक अधूरे निर्माण कार्यों के कारण आम जनता को परेशानी उठानी पड़ेगी?
अब देखना होगा कि नगर पालिका अध्यक्ष और जिम्मेदार अधिकारी गौरवपथ की तरह स्वागत द्वार के निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता देते हैं या नहीं। नगरवासियों की मांग है कि सभी लंबित निर्माण कार्य समय-सीमा में और निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जाएं, ताकि विकास कार्यों का लाभ वास्तव में आम जनता तक पहुंच सके।

The News Related To The News Engaged In The Chhattisgarh Times News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
