अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी का लिया जायजा, पालकों से किया संवाद; मोबाइल की बढ़ती लत पर जताई चिंता
मुंगेली। शिक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेमरसल के शिक्षकों ने सराहनीय पहल की है। गुरुनानक जयंती के अवसर पर घोषित सामान्य अवकाश के दिन भी शिक्षकों ने छुट्टी का सदुपयोग करते हुए सुबह 5 बजे से ही विद्यार्थियों के घर पहुंचकर उनकी पढ़ाई-लिखाई और अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया।

अचानक सुबह-सुबह शिक्षकों को अपने घर के दरवाजे पर देखकर विद्यार्थी आश्चर्यचकित रह गए। किसी विद्यार्थी को मोबाइल देखते, तो किसी को सोते हुए और किसी को गली में घूमते पाया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों से भी चर्चा कर पढ़ाई में आ रही समस्याओं और बच्चों की दिनचर्या की जानकारी ली।

इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित समय-सारिणी बनाकर पढ़ाई करने, सभी विषयों का निरंतर अध्ययन करने तथा लिख-लिखकर अभ्यास करने की सलाह दी। कठिन विषयों और प्रश्नों को विद्यालय में शिक्षकों से पूछकर हल करने तथा परीक्षा से पहले ही व्यवस्थित तैयारी पूरी करने के लिए प्रेरित किया।
पालकों ने बातचीत के दौरान चिंता जताई कि अधिकांश बच्चे किताबों की अपेक्षा मोबाइल पर अधिक समय बिता रहे हैं। इस पर शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों के मोबाइल उपयोग पर निगरानी रखने, पैरेंटल कंट्रोल का उपयोग करने और बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही बच्चों के व्यवहार, संगति और पढ़ाई में हो रहे बदलावों की जानकारी विद्यालय को देने तथा पालक-शिक्षक बैठकों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
शिक्षकों ने उन विद्यार्थियों के घर भी पहुंचकर संपर्क किया, जो स्वास्थ्यगत अथवा निजी कारणों से विद्यालय नहीं आ पा रहे थे। उन्हें नियमित स्कूल आने और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन करने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर प्रधानपाठक आत्माराम कश्यप, राजकुमार कश्यप एवं उमाशंकर सिंह ने सेमरसल और बटहा दोनों गांवों में घर-घर जाकर विद्यार्थियों से संपर्क किया। ग्रामीणों ने शिक्षकों की इस पहल की सराहना की। कई घरों में ग्रामीणों ने चाय और स्वल्पाहार के साथ शिक्षकों का आत्मीय स्वागत भी किया।
शिक्षकों की यह पहल केवल परीक्षा की तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यालय और परिवार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस प्रयास का सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अध्ययन की आदतों और आगामी परीक्षा परिणामों पर देखने को मिलेगा।

The News Related To The News Engaged In The Chhattisgarh Times News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
