मुंगेली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मुंगेली नगर की माँ महामाया बस्ती द्वारा विजयादशमी उत्सव, पथ संचलन एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन नगर पालिका स्कूल, मुंगेली में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 150 स्वयंसेवकों एवं नगरवासियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत किसान कार्य प्रमुख आदरणीय श्रीमान उत्तर यादव जी ने अपने उद्बोधन में विजयादशमी पर्व के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विजयादशमी हमें असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देती है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का उद्देश्य समाज को संगठित, संस्कारित एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित बनाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की उन्नति के लिए समाज में एकता, अनुशासन, आपसी सद्भाव और सेवा भाव का होना अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमान अभिषेक सोनी , प्रोपराइटर सुरेश ज्वेलर्स, मुंगेली ने अपने उद्बोधन में कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें साहस, शौर्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। समाज की एकजुटता और राष्ट्र के प्रति समर्पण ही देश को मजबूत बनाता है। उन्होंने स्वयंसेवकों के अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा के भाव की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विधिवत शस्त्र पूजन किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा अनुशासित एवं भव्य पथ संचलन निकाला गया। संचलन के दौरान नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया।
माँ महामाया बस्ती के इस विजयादशमी उत्सव में लगभग 150 लोगों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता एवं संगठन की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में सभी स्वयंसेवकों एवं नगरवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।

The News Related To The News Engaged In The Chhattisgarh Times News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
