पुलिस लाइन से एसएसपी कार्यालय तक निकाली गई एकता दौड़, सिटी कोतवाली में एलईडी स्क्रीन पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण
पुलिस जवानों ने देशभक्ति गीतों से बांधा समां, जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की ली शपथ
मुंगेली । लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर मुंगेली जिला पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, संप्रभुता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के तहत सुबह पुलिस लाइन मुंगेली से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। वहीं थाना सिटी कोतवाली परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एलईडी स्क्रीन पर देखा प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां बड़ी एलईडी डिजिटल स्क्रीन लगाकर गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान पुलिस बल एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा प्रस्तुत एकता परेड के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल सहित जिले के जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने तथा देश की एकजुटता को मजबूत करने की शपथ ली।
‘रन फॉर यूनिटी’ से दिया एकजुटता का संदेश
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सुबह जिला पुलिस द्वारा ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इसके तहत पुलिस लाइन मुंगेली से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक दौड़ आयोजित की गई। इसमें पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के साथ देश की एकता और अखंडता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का एहसास कराना रहा।
पुलिस जवानों ने देशभक्ति गीतों से जगाया राष्ट्रप्रेम
कार्यक्रम के दौरान मुंगेली पुलिस के जवानों ने मनमोहक देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। गीतों के माध्यम से जवानों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार किया। इस अवसर पर एसडीओपी आशीष अरोरा, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, रक्षित निरीक्षक नरगिस तिग्गा बघेल सहित विभिन्न थाना प्रभारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
‘नक्सल मुक्त भारत’ रही इस वर्ष की थीम
गौरतलब है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना तथा नागरिकों में आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस की थीम ‘नक्सल मुक्त भारत’ रखी गई। मुंगेली पुलिस द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

The News Related To The News Engaged In The Chhattisgarh Times News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
