ब्रेकिंग न्यूज

शेयर मार्केट में जमा पूंजी हारकर घर में खेला मौत का खेल, पत्नी और बेटी को चाकू से गोदा, फिर जहर खाकर खुद को ब्लेड से काटा, महिला की मौत

कोरबा/जिले में शनिवार की तड़के एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने सभी को हिलाकर रख दिया है, यहां कर्ज के बोझ तले दबे एक व्यक्ति ने अपने ही हाथों अपने घर को उजाड़ दिया। शेयर मार्केेट में घर की जमा पूंजी हारने के बाद मनोज साहू ने अपनी पत्नी और बेटी पर चाकू से हमला कर खुद जहर का सेवन किया, और फिर ब्लेड से खुद को जख्मी कर लिया। वारदात में पत्नी की मौत हो गई जबकि पुत्री और मनोज की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।

बताया जा रहा है, कि टेलर का काम करने वाले मनोज साहू ने शेयर मार्केट में घर की सारी जमा पूंजी लगा रखी थी। शेयर मार्केट में घाटा होने के बाद वह कर्ज के बोझ तले दब गया, इससे वो काफी परेशान रहने लगा था। इसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद होता था, जिसका परिणाम इस वारदात के रुप में सामने आया है।

शनिवार की सुबह 4 बजे यह घटना सामने आई, जिसके बाद मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। आस पास के लोग भी इस वारदत से सकते में आ गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिस कमरे में वारदात हुई उसे सील कर दिया गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तब कमरे को खोला गया। मौके से चाकू और कैंची बरामद की गई है,जिनमें खून लगा हुआ था। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बताया, कि मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे कुछ कहा जा सकेगा।

मर्ग पंचनामा की कार्रवाई कर मृतका के शव को पीएम के लिए रवाना कर दिया गया। मनोज साहू के होश में आने पर उसका बयान लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!