बालोद के 28 गांवों की महिलाओं से लोन के नाम पर करोड़ों की ठगी, 50 रुपए के स्टांप पेपर देकर फरार

बालोद: बालोद जिले में लोन के नाम पर महिलाओं से करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। अकेले गुरुर ब्लाक की 100 से अधिक महिलाओं ने शनिवार को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। यह मामला 30 करोड़ से अधिक का हो सकता है। सप्तऋषि संस्थान से जुड़ा मुख्य आरोपित खोलबहरा कैवर्त्य दफ्तर बंद कर फरार हो गया है। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच की मांग की है।

28 गांवों की महिलाओं से ठगी
नारागांव, किनारगोदी सहित 28 गांवों की महिलाएं बड़ी संख्या में शनिवार को विधायक संगीता भैयाराम सिन्हा के कार्यालय गुरुर पहुंची थी। जहां महिलाओं ने विधायक संगीता सिन्हा और पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा को पूरे मामले से अवगत कराया।

लोन के बदले कमीशन का लालच
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि सप्तऋषि संस्थान का खोलबहरा नामक व्यक्ति दो वर्ष पहले हमारे गांव नारागांव आया था। उसने स्थानीय लोगों को 50 हजार के लोन की रकम दिलाने के लिए पांच हजार देने का लालच दिया। उसकी बातों में आकर महिलाओं ने दर्जनभर से अधिक बैंकों व निजी फाइनेंस कंपनी से महिला समूह के नाम पर लोन लिया।

35 हजार से 20 लाख तक लोन लिया
35, 50 हजार से लेकर कई लोगों के नाम से 10 से 20 लाख तक लोन लिया गया है। एक बैंक के कर्मचारी ने बताया कि अकेले हमारे बैंक से 75 समूह के माध्यम से 200 से महिलाओं ने 35 हजार से 50 हजार तक का लोन लिया है। कुछ माह तक सप्तऋषि ट्रेडर्स के नाम पर किस्त जमा हुई। बाद में किस्त मिलनी बंद हो गई। इसके बाद हमें भी मामले का पता चला।

स्वरोजगार के नाम पर बैंकों से लेते थे लोन
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि स्वरोजगार के नाम पर बैंकों से लोन निकाला जाता था। अगर किसी महिला का 50 हजार लोन निकाला जा रहा है तो संबंधित महिलाओं को पांच हजार दे देते थे। बाकी रुपये दूसरी जगह निवेश करने की बात कहकर अपने पास रख लेते थे। किस्त भी स्वयं पटाने की बात करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!