जनता की दोहरी सोच: नगर पालिका परिषद चुनाव

शहर के नुक्कड़ पर आज हर जगह नगर पालिका परिषद चुनाव की चर्चा थी। हर गली, हर मोहल्ले में बहस हो रही थी कि अगला अध्यक्ष कैसा होना चाहिए। लोग कह रहे थे, “हमें ऐसा नेता चाहिए जिसकी छवि बिलकुल साफ हो, जो ईमानदार हो, और जो विकास की बात करे। बड़े व्यापारी या  पैसे वाले जैसे लोग अध्यक्ष नहीं बनना चाहिए।”

वहीं दूसरी ओर कोई बोलता, “लेकिन चुनाव लड़ने के लिए कम से कम 1-2 करोड़ रुपये चाहिए। पोस्टर, बैनर, प्रचार, लोगों को बुलाना—सबकुछ महंगा है। बिना पैसे के चुनाव जीतना तो नामुमकिन है।”

रामप्रसाद, जो एक साधारण दुकानदार थे, नुक्कड़ पर यह बहस सुन रहे थे। वे एक ईमानदार व्यक्ति थे, और वर्षों से शहर में बदलाव लाने का सपना देख रहे थे। उन्होंने बहस के बीच में हस्तक्षेप करते हुए पूछा, “तो क्या गरीब आदमी चुनाव नहीं लड़ सकता? अगर ईमानदारी चाहिए, तो फिर करोड़ों रुपये की मांग क्यों?”

उनकी बात सुनकर भीड़ में हलचल मच गई। एक युवा, जो चुनाव में सक्रिय था, बोला, “रामप्रसाद जी, चुनाव कोई खेल नहीं है। इसमें पैसा चाहिए। प्रचार करना, वोटर को लुभाना, सबकुछ पैसा मांगता है। गरीब आदमी चुनाव में खड़ा होगा भी तो कौन उसे वोट देगा?”

रामप्रसाद ने गहरी सांस लेते हुए कहा, “अगर ऐसा है, तो फिर साफ छवि की बात करना बंद कर दो। अगर करोड़ों रुपये खर्च होंगे, तो वो पैसा या तो भ्रष्टाचार से आएगा, या बड़े व्यापारी से। ऐसे में जनता क्यों ईमानदारी की उम्मीद करती है?”

उनकी बात से लोग सोच में पड़ गए। आखिर वे क्या चाहते हैं—एक ईमानदार नेता या एक अमीर व्यक्ति जो चुनाव जीत सके?

रामप्रसाद ने आखिरकार हिम्मत जुटाकर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। यह खबर पूरे शहर में आग की तरह फैल गई। लोग दंग थे कि एक साधारण आदमी ने इतने बड़े चुनाव में खड़े होने की हिम्मत कर रहा है।

उनका चुनाव प्रचार अलग था। ना बड़े-बड़े बैनर, ना महंगे विज्ञापन। वे पैदल घर-घर जाकर लोगों से मिलते और अपनी बातें समझाते। कुछ लोगों ने उनका मजाक उड़ाया, तो कुछ ने समर्थन दिया। लेकिन ज्यादातर लोग कहते थे, “रामप्रसाद अच्छे आदमी हैं, पर चुनाव जीतने के लिए पैसा चाहिए।”

चुनाव के नतीजे आए, और रामप्रसाद हार गए। लेकिन उनकी हार ने एक गहरी छाप छोड़ी। शहर के हर व्यक्ति ने महसूस किया कि असली बदलाव जनता की सोच में होना चाहिए। जब तक लोग पैसे और प्रभावशाली लोगों के पीछे भागते रहेंगे, तब तक विकास और ईमानदारी की बातें सिर्फ दिखावा बनी रहेंगी।

रामप्रसाद ने भले ही चुनाव न जीता हो, लेकिन उन्होंने एक नई बहस शुरू कर दी थी। हर किसी के दिल में सवाल गूंज रहा था, “हम किसे चुनते हैं—सच्चाई और ईमानदारी को, या पैसा और ताकत को?”

सोचने वाली बात है ज़रा चर्चा में लाइए और पहल करने की कोशिश कीजिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!