मुंगेली पुलिस ने ‘Sunday to Cycle’ अभियान से दिया फिटनेस का संदेश, आमजन को किया जागरूक

मुंगेली, 06 अप्रैल 2024 —
फिट इंडिया मिशन के अंतर्गत ‘Sunday to Cycle’ अभियान का आयोजन मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर मुंगेली पुलिस ने साइकिल चलाकर स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति आम जनता को जागरूक किया।



इस साइकिलिंग अभियान की शुरुआत रेस्ट हाउस मुंगेली से हुई, जो दाउपारा चौक होते हुए कलेक्ट्रेट व पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंची। इस रैली में अति. पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, अनुविभागीय अधिकारी श्री मयंक तिवारी, रक्षित निरीक्षक नरगिस खिस्ट तिग्गा बघेल, निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, उप निरीक्षक अमित गुप्ता, उप निरीक्षक गिरजाशंकर यादव, उप निरीक्षक संतोष शर्मा सहित जिले के कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक “फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को रोजाना व्यायाम करने और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया।



इस मौके पर पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि साइकिल चलाना न केवल एक सरल व किफायती फिटनेस उपाय है, बल्कि यह सहनशक्ति बढ़ाने, तनाव घटाने और हृदय स्वास्थ्य को सुधारने में भी मदद करता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं।


कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फिट इंडिया पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कराकर डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।

यह आयोजन खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत फिट इंडिया मिशन और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में दिए गए संदेश के अनुपालन में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य राष्ट्रव्यापी स्तर पर स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है।

मुंगेली पुलिस का यह प्रयास न केवल अनुकरणीय है, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी प्रसारित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!