मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता : तेलंगाना से अपहृत नाबालिक बालिका सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार


दिनांक: 09 अप्रैल 2025

मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा तथा उप पुलिस अधीक्षक लोरमी श्रीमती माधुरी धिरही के नेतृत्व में एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। थाना लालपुर क्षेत्र की एक नाबालिक बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने वाले आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18.03.2025 को प्रार्थी ने थाना लालपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिक बेटी अपनी सहेली कविता पात्रे के साथ पैसे निकालने के लिए ठेलका नवागांव गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पूछताछ के दौरान कविता कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाई। रिश्तेदारों और आसपास पता करने के बाद भी जब बालिका का पता नहीं चला तो अपराध क्रमांक 48/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।



मामला नाबालिक बालिका से संबंधित होने के कारण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित की गई। सायबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम को आंध्रप्रदेश भेजा गया, जहां से जानकारी मिली कि बालिका और आरोपी तेलंगाना राज्य में हैं।

दिनांक 07.04.2025 को पुलिस टीम ने तेलंगाना पहुंचकर अपहृत बालिका को आरोपी सत्यप्रकाश रात्रे के कब्जे से सकुशल बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर बालिका को भगाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही, सहेली कविता पात्रे ने आरोपी के संपर्क में रहकर घटना में सहयोग किया।

पीड़िता के बयान और स्वास्थ्य परीक्षण के आधार पर प्रकरण में धारा 87, 64(ड), 3(5) बीएनएस एवं 4,6 पाक्सो एक्ट जोड़ी गई। आरोपी सत्यप्रकाश रात्रे (20 वर्ष, निवासी बेडापारा, थाना लोरमी) एवं सहआरोपी कविता पात्रे (24 वर्ष, निवासी बंशापुर, थाना लालपुर) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया।

इस पूरी कार्यवाही में तत्कालीन थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अमित गुप्ता, सउनि दिलीप प्रभाकर, प्रधान आरक्षक भागबली जांगड़े, प्रधान आरक्षक रवि जांगड़े, आरक्षक तोरनदास सोनवानी, महिला आरक्षक अनिता नेताम, देवेन्द्र नागरे व रामकिशोर कश्यप का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मुंगेली पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक मासूम की जिंदगी सुरक्षित की गई, जिसके लिए पुलिस टीम को सराहना मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!