5 लाख की सुपारी लेकर हत्या की कोशिश, आरोपी दिलीप रेलवानी गिरफ्तार

मुंगेली, 19 अप्रैल 2025
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में मुंगेली पुलिस ने सुपारी लेकर हत्या करने के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। करीब 6 महीने से फरार चल रहे आरोपी को मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के समनापुर से गिरफ्तार किया गया है।


प्रकरण दिनांक 04 अक्टूबर 2024 की रात्रि का है, जब पीड़िता रितिका केसवानी अपनी भाभी पूनम रूपवानी के साथ एक्टिवा में सवार होकर परिचित के घर से लौट रही थीं। जैसे ही वे ए.आर.सी. स्कूल के पास पहुंचीं, एक नकाबपोश व्यक्ति ने धारदार हथियार से रितिका के गले पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। इस हमले की रिपोर्ट थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में दर्ज की गई थी।

प्रकरण में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 383/2024, धारा 118(1), 61(2), 109(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।



पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सायबर तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी दिलीप रेलवानी को मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के समनापुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दिलीप ने स्वीकार किया कि उसके मामा के लड़के राजकुमार ने उसे रितिका केसवानी की हत्या करने के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। अब तक एक लाख रुपये की तीन किस्तों में भुगतान किया गया था, जबकि शेष राशि हत्या के बाद देने की बात थी।

घटना की रात आरोपी ने यमाहा मोटरसाइकिल से आकर नकाब पहनकर रितिका पर थर्माकोल कटर से वार किया और फरार हो गया था। घटना के बाद हथियार और गमछा नदी में फेंक दिया गया।

आरोपी की पहचान:
नाम: दिलीप रेलवानी
उम्र: 27 वर्ष
निवासी: वार्ड क्रमांक 17, स्मार्ट सिटी रोड, नेहरू नगर, बिलासपुर; हाल निवास समनापुर, डिंडौरी (म.प्र.)

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और थर्माकोल कटर (ब्लेड) बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस कार्यवाही में इन अधिकारियों का रहा सराहनीय योगदान:

उप निरीक्षक गिरिजाशंकर यादव, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली

प्र.आर. नोखेलाल कुर्रे, मनोज सिंह, रवि जांगड़े

आरक्षक राहुल सिंह, योगेश यादव, रामकिशोर कश्यप, बसंत कुमार डाहिरे, रवि श्रीवास

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!