“आयुष्मान सप्ताह में दिखा जनसहभागिता का जोर, अब तक बने 45 हजार से अधिक कार्ड; सीमा बढ़ाकर 23 मई तक”

मुंगेली, 21 मई 2025// मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप जिले के नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु प्रारंभ किया गया आयुष्मान महाभियान ज़बरदस्त जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ रहा है। नेटवर्क और सर्वर संबंधी दिक्कतों के बावजूद महज़ एक दिन में 36,800 से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए। अब तक कुल 45,000 से अधिक कार्ड बन चुके हैं। शेष लोगों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से अभियान की समय सीमा बढ़ाकर 23 मई तक कर दी गई है।



कलेक्टर कुन्दन कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है वे शीघ्रता से इसे बनवाएं। आयुष्मान योजना के तहत बीपीएल परिवारों को 5 लाख रुपये और एपीएल राशन कार्डधारकों को 50 हजार रुपये तक का निःशुल्क उपचार देशभर के पंजीकृत अस्पतालों में उपलब्ध है। वहीं, 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष “आयुष्मान वय वंदना कार्ड” के तहत भी 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जाती है।


वनांचल और दूरस्थ गांवों में भी इस महाभियान के तहत लोगों में उत्साह देखने को मिला। सर्वे टीमों ने गांव-गांव जाकर पात्र लोगों को चिन्हित किया, जबकि 3,000 से अधिक कर्मचारियों की मदद से घर-घर जाकर कार्ड बनाए गए। अभियान के दौरान लोरमी के टाइगर रिज़र्व क्षेत्र के हितग्राहियों के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई और शिविरों में भोजन, नाश्ता व पेयजल की उचित व्यवस्था की गई।

जिला प्रशासन ने इस अभियान को सफल बनाने हेतु इसे आयुष्मान सप्ताह के रूप में मनाने का निर्णय लिया है ताकि जिले के हर नागरिक तक स्वास्थ्य सुरक्षा की यह योजना पहुंचे और कोई भी इससे वंचित न रह जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!