विधायक ने किया 50 बिस्तर क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का भूमिपूजन

विष्णु के सुशासन में जिले में विकास कार्य तेज़ी पर – विधायक मोहले

आपातकालीन सेवाओं में मिलेगी मजबूती – कलेक्टर


मुंगेली, 30 मई 2025 //
विधायक पुन्नूलाल मोहले ने जिला चिकित्सालय परिसर में 16 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 50 बिस्तर वाले क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व और सुशासन में जिले में विकास कार्य तेज़ गति से हो रहे हैं। मुंगेली अब विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। उन्होंने इसके लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।


इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, कलेक्टर कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर साहू, गणमान्य नागरिक दीनानाथ केशरवानी, शैलेष पाठक, सुनील पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

कलेक्टर ने कहा कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल बन जाने से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल परिसर की जमीन का सीमांकन कराने और भूमि कटाव रोकने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभात चंद्र प्रभाकर ने बताया कि अस्पताल में 16 बिस्तरों का हाइब्रिड आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर, इमरजेंसी यूनिट, डायलिसिस यूनिट, एयर हैंडलिंग यूनिट, शिशु वार्ड, एसएनसीयू, एलडीआर, आइसोलेशन रूम, एचडीयू जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरीश कुर्रे ने जानकारी दी कि अस्पताल की कुल लागत 23 करोड़ 75 लाख रुपये है, जिसमें से 16 करोड़ 63 लाख भवन निर्माण हेतु तथा शेष 7 करोड़ 12 लाख रुपये चिकित्सा उपकरणों के लिए स्वीकृत किए गए हैं।

इस मौके पर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेश राय, अस्पताल का चिकित्सकीय स्टाफ एवं मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!