मुंगेली: ज्वलंत मुद्दों पर गरजेगी कांग्रेस, 25 जून को कलेक्ट्रेट घेराव


शिक्षा, बिजली, खाद-बीज की किल्लत और किसान संकट को लेकर होगा बड़ा आंदोलन




मुंगेली।जिले में चल रहे युक्तियुक्तकरण, बिजली संकट और किसानों की समस्याओं जैसे जनविरोधी मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आगामी 25 जून को कलेक्ट्रेट घेराव किया जाएगा। यह आंदोलन प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर शिक्षा न्याय आंदोलन के तहत किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि युक्तियुक्तकरण योजना के विरोध में कांग्रेस 9 जून से चरणबद्ध आंदोलन कर रही है। इसी श्रृंखला में यह जिला स्तरीय घेराव आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 10,463 स्कूलों को बंद करने और 45,000 शिक्षकों-कर्मचारियों के पद समाप्त करने की योजना है, जो बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय है।

वहीं, बिजली कटौती, खाद-बीज की किल्लत और किसानों की समस्याएं भी प्रदर्शन के केंद्र में रहेंगी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में खरीफ की बुआई की तैयारी में जुटे किसानों को खाद और बीज की भारी कमी से जूझना पड़ रहा है।

प्रदर्शन में संभावित रूप से शामिल होंगे:खनिज निगम के पूर्व अध्यक्ष गिरीश देवांगन,युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा,NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय,अन्य प्रदेश स्तरीय नेता और जनप्रतिनिधि


जिला, ब्लॉक, शहर कांग्रेस के साथ-साथ महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, सेवा दल, जनपद और जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण, और बड़ी संख्या में सामान्य नागरिकों के जुटने की संभावना है।

कांग्रेस की अपील है कि सभी जन संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों को लोकतांत्रिक तरीके से इस जन आंदोलन में शामिल होकर जनहित की आवाज बुलंद करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!