
मुंगेली। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चूड़ी लाइन इलाके में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। दो सांडों की भिड़ंत के बीच खेलते हुए पांच वर्षीय मासूम बालक आवेश अली चपेट में आ गया। भागते हुए सांडों ने बच्चे को रौंद डाला, लेकिन गनीमत रही कि उसकी जान बाल-बाल बच गई।
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दहशत में हैं। वीडियो में साफ नजर आता है कि सड़क पर अचानक भिड़े सांड बेकाबू होकर भागे और वहीं खेल रहे मासूम पर चढ़ दौड़े।
लोगों में आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि चूड़ी लाइन और गोलबाजार इलाके में आवारा मवेशियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन सड़क पर जाम की स्थिति बनती है, वहीं सांडों की लड़ाई से कई बार राहगीर घायल हो चुके हैं।
गोल बाजार की बदहाली
लोगों ने बताया कि गोलबाजार में इतनी ट्रैफिक रहती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। आए दिन लोग एक-दूसरे से टकराते रहते हैं। सब्जी विक्रेता और दुकानदार सड़कों पर दोनों तरफ लगभग 5-5 फीट तक अतिक्रमण कर बैठे हैं, जिससे आवाजाही और भी बाधित हो रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को इस स्थिति पर तत्काल ध्यान देना चाहिए। एक समय तत्कालीन SDM अमित कुमार ने गोलबाजार की व्यवस्था में काफी सुधार किया था, लेकिन उनके ट्रांसफर के बाद हालात फिर बिगड़ गए। लोगों का अफसोस है कि यदि वे रहते तो आज स्थिति नियंत्रण में होती।
प्रशासन पर सवाल
लोगों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर कार्रवाई तो होती है, लेकिन उसका असर लंबे समय तक नजर नहीं आता। दो-तीन साल बाद फिर वही स्थिति बन जाती है और बाजार की सड़कों पर मवेशियों और अतिक्रमण का कब्जा हो जाता है।
फिलहाल, घटना में मासूम की जान बच जाना बड़ी राहत की बात है, लेकिन इसने शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


