मुंगेली में जन्माष्टमी महोत्सव की भव्य झलक : शोभायात्रा, शिव तांडव, कृष्ण सज्जा और परिचय सम्मेलन ने बांधा समा

उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति, यादव समाज की एकता और सांस्कृतिक धरोहर से गुंजा नगर

मुंगेली। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव आयोजन समिति जिला यादव समाज मुंगेली के तत्वाधान में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में शोभायात्रा की नगर में खूब चर्चा रही। शिव तांडव और अघोरी नृत्य देखते ही बन रहा था, जिसका नगरवासियों ने भरपूर आनंद लिया। पारंपरिक गड़वा बाजा में रावत नर्तक दल और अखाड़ा प्रदर्शन ने यादवी शौर्य को बखूबी प्रदर्शित किया।

नगर में श्री राधाकृष्ण की जीवंत झांकी और गोप-गोपियों का सुसज्जित दल रथ में विराजमान रहा। जय यादव-जय माधव और राधा कृष्ण की जयकारों से पूरा नगर वृंदावन, मथुरा और गोकुल की भांति गुंजायमान हो उठा।

युवक-युवती परिचय सम्मेलन

सुबह 11 बजे से पहली बार जन्माष्टमी पर युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें 50 युवक-युवतियों ने पंजीयन कर सहभागिता की। आयोजन समिति अध्यक्ष रामशरण यादव, सचिव महेश यादव और प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि आने वाले वर्षों में इसे और बड़े स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।

कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता

11 वर्ष तक के बच्चों में हुई प्रतियोगिता में मनमोहक श्रीकृष्ण स्वरूप नजर आए।

प्रथम स्थान – पीहिका यादव, मौली यादव

द्वितीय स्थान – कौस्तुभी यादव

तृतीय स्थान – पार्थवी यादव


निर्णायक मंडल में श्रीमती पूजा यादव, नंदनी यादव, श्रेया यादव, सुप्रिया यादव व भारती यादव रहीं।


सभी यादव बंधुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था नीरज यादव, अशोक यादव, जीतू यादव और प्रकाश यादव केसतरा की देखरेख में की गई। वहीं जलेश्वर यादव और साथियों के नेतृत्व में डीजे धुन पर पीले वस्त्र व पीले झंडों से सुसज्जित युवाओं का नृत्य देखते ही बन रहा था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरुण साव (उपमुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़) रहे। अध्यक्षता पुन्नूलाल मोहले (विधायक, मुंगेली) ने की।
विशिष्ट अतिथियों में डॉ. सोमनाथ यादव (राज्य मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट गाइड्स), नीरज यादव, राकेश यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और समाज प्रमुख शामिल रहे।

जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह ठाकुर, नगरपालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर, समाज प्रमुख डॉ. मोती यादव सहित कई अतिथि मंचासीन रहे।

कार्यक्रम में यादव समाज से निर्वाचित सभी जनप्रतिनिधियों – जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच और पार्षदों का सम्मान पुष्पहार, गमछा व मोमेंटो से किया गया।

पुरस्कार वितरण

प्रथम पुरस्कार – ₹2101 नगद

द्वितीय पुरस्कार – ₹1501 नगद

तृतीय पुरस्कार – ₹1101 नगद

10 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार ₹501-501 नगद


निर्णायकों और आयोजन समिति को भी सम्मानित किया गया।

आयोजन समिति द्वारा सफल संचालन किया गया। अंत में कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता के विजेताओं और निर्णायकों को सम्मानित करते हुए जन्माष्टमी महोत्सव का समापन हर्षोल्लास के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!