आज से मुंगेली पुलिस कॉलोनी में श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह यज्ञ की शुरुआत

मुंगेली पुलिस कॉलोनी में आज से शुरू होगा श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह यज्ञ : शहीदों की स्मृति में आध्यात्मिक पहल, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल का अभिनव प्रया

समुंगेली – जिला पुलिस बल मुंगेली के शहीद एवं स्वर्गीय पुलिस कर्मियों की पावन स्मृति को चिरस्थायी बनाने तथा पुलिस परिवारों में आत्मीयता और धार्मिक संस्कारों का संचार करने के उद्देश्य से आज 8 सितम्बर से 15 सितम्बर 2025 तक श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पुराना पुलिस कॉलोनी, बचपन स्कूल के पास, मुंगेली में सम्पन्न होगा।



पुलिस कर्मचारियों ने बताया कि इस तरह का आयोजन जिले में पहली बार किया जा रहा है, जो पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की सराहनीय और दूरदर्शी पहल है। उन्होंने न केवल इस धार्मिक आयोजन को पारिवारिक स्वरूप प्रदान किया है बल्कि पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य की दृष्टि से हेल्थ कैंप जैसी उपयोगी सुविधाओं की भी व्यवस्था कराई है।

आध्यात्मिकता से जुड़े पारिवारिक संस्कार
पुलिस अधीक्षक पटेल का मानना है कि कठिन ड्यूटी और समयाभाव के चलते पुलिस परिवार अक्सर अपने माता-पिता और बच्चों के साथ पर्याप्त समय नहीं बिता पाते। इस अवसर के माध्यम से न केवल पुलिसकर्मी अपने परिवार के साथ धार्मिक वातावरण में समय व्यतीत कर पाएंगे, बल्कि बच्चों को भी संस्कारों और आध्यात्मिक मार्ग की नई दिशा मिलेगी।

आयोजन में कथा व्यास के रूप में उमाकांत मिश्र एवं सूरज मिश्र (बरपाली-रायगढ़) प्रवचन देंगे तथा यज्ञाचार्य गुरुदेव भगतराम मिश्र विधि-विधान सम्पन्न कराएंगे। प्रतिदिन शाम 4 बजे से कथा श्रवण का आयोजन होगा, जिसके पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन 15 सितम्बर को हवन, पूर्णाहुति एवं सहस्त्रधारा के साथ होगा।

इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में पहल कार्यक्रम के तहत आयोजित सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों ने पुलिस परिवारों के मनोबल और आपसी सौहार्द को नई ऊर्जा दी है। इस बार भी पुलिस कॉलोनी के जवान आपसी सहयोग से इस पावन आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने दी शुभकामनाएं


आयोजनकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि – “शहीदों की स्मृति को समर्पित यह धार्मिक आयोजन न केवल पुलिस परिवार को आत्मिक बल देगा बल्कि समाज में भी सकारात्मक संदेश का संचार करेगा।”

जिला पुलिस बल एवं पुलिस परिवार मुंगेली ने समस्त नागरिकों से इस पवित्र अवसर पर सम्मिलित होकर धार्मिक लाभ प्राप्त करने और शहीद पुलिस कर्मियों की स्मृति को नमन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!