गौ सेवा कल्याण समिति और सर्व हिन्दू समाज ने रामसिंह ठाकुर की रिहाई को लेकर सौंपा ज्ञापन, 72 घंटे में रिहाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

मुंगेली। गौ सेवा कल्याण समिति (गौ सेवा धाम) एवं सर्व हिन्दू समाज ने आज जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए बिलासपुर में गिरफ्तार किए गए रामसिंह ठाकुर की तत्काल रिहाई की मांग की है। ज्ञापन में समिति ने बताया कि 4 अक्टूबर 2025 को धार्मिक आयोजन से लौटते समय रामसिंह ठाकुर को बिना उचित कारण के गिरफ्तार किया गया, जो पूरी तरह से अनुचित और निंदनीय है।

समिति के सदस्यों ने कहा कि ठाकुर लंबे समय से गौ सेवा और हिंदू समाज के कल्याण कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने हमेशा समाज को जोड़ने और धार्मिक सद्भाव बनाए रखने का कार्य किया है। ऐसे व्यक्ति पर गलत धाराएं लगाकर जेल भेजना प्रशासनिक तानाशाही को दर्शाता है।

ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यदि 72 घंटे के भीतर रामसिंह ठाकुर को बिना शर्त रिहा नहीं किया गया, तो गौ सेवा धाम और सर्व हिन्दू समाज के नेतृत्व में उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसमें मुंगेली बंद, चक्काजाम, और शांतिपूर्ण धरना जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे। समिति ने कहा कि यदि स्थिति बिगड़ती है तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।


गौ सेवा कल्याण समिति के अध्यक्ष मनीष वैष्णव ने कहा कि प्रशासन को धर्मनिष्ठ और समाजसेवी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले तथ्यात्मक जांच करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि समाज अब चुप नहीं बैठेगा और न्याय के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगा।



इस अवसर पर गौ सेवा धाम के सदस्य सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ज्ञापन की एक प्रति मुख्यमंत्री सचिव, गृह मंत्री और पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर को भी भेजी गई है।



समिति ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द न्यायपूर्ण निर्णय लेते हुए रामसिंह ठाकुर को रिहा किया जाए ताकि जिले में शांति और सौहार्द बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!