शव रखकर हाईवे जाम करने वाले सात आरोपी गिरफ्तार, मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्यवाही

मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में नेशनल हाईवे 130-ए पर चक्काजाम करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। थाना फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर 2025 को दाबो मोड़ जवाहर नवोदय विद्यालय के सामने मृतक हेमप्रसाद साहू के परिजनों ने शव को बीच सड़क पर रखकर लगभग दो घंटे तक चक्काजाम किया था। इस दौरान करीब 200 लोग एकत्रित होकर आवागमन बाधित कर रहे थे। मामले में पुलिस ने 14 नामजद एवं 150 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 61/2025 धारा 191(2), 126(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया था।


विवेचना के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों — दिलीप साहू (26), भरत साहू (25), शिवप्रसाद साहू (55), हेमंत साहू (25), बिहारी साहू (48), हुन्नर साहू (33) और डोमेश साहू (19) सभी निवासी शुक्लाभाठा — को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के खिलाफ पृथक रूप से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई है। पुलिस ने उन्हें कार्यपालिक दंडाधिकारी न्यायालय मुंगेली में पेश किया।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि असामाजिक तत्वों, मादक पदार्थों की तस्करी व अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गिरिजाशंकर यादव (थाना प्रभारी फास्टरपुर-सेतगंगा), सहायक उप निरीक्षक उमेंद गोयल, आरक्षक अतुल सिंह, तीजराम यादव, पारसमणी भास्कर, बुंदेल पटेल एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!