
मुंगेली // चार महीने से बंद अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) अब एक बार फिर पर्यटकों के लिए खुलने जा रहा है। प्रबंधन ने एक नवंबर से सफारी शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। भ्रमण मार्ग की मरम्मत, सफाई और वाहन व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, अब तक अलग-अलग तिथियों के लिए 25 एडवांस बुकिंग हो चुकी हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पर्यटकों को एटीआर खुलने का बेसब्री से इंतजार था।
हर साल की तरह इस बार भी टाइगर रिजर्व को 1 जुलाई से 31 अक्टूबर तक के लिए बंद रखा गया था। यह बंदी राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के निर्देश पर की जाती है, क्योंकि इस अवधि में वर्षा के कारण मार्ग खराब हो जाते हैं और यह वन्य प्राणियों के प्रजनन का समय होता है। हालांकि पर्यटकों की सुविधा के लिए शिवतराई स्थित बैगा रिसॉर्ट को इस अवधि में खुला रखा जाता है, ताकि वे बरसात में भी जंगल का आनंद ले सकें।
प्रबंधन ने बताया कि भ्रमण के लिए मार्गों की मरम्मत, रंग-रोगन और साफ-सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं सफारी वाहन की कमी दूर करने के लिए पांच नए “योद्धा” वाहन खरीदे गए हैं, जो रणथंभौर में मॉडिफाई होने के बाद जल्द ही एटीआर पहुंचेंगे।
सफारी समय-सारणी:
सुबह 6:00 बजे से 9:00 बजे तक
सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक
वाहन बुकिंग शुल्क:
जिप्सी — ₹3500
योद्धा वाहन — ₹5500
बस — ₹7500
इसके अलावा बैगा रिसॉर्ट में 14 कमरों की ठहरने की व्यवस्था है, जिसकी बुकिंग भी ऑनलाइन की जा सकती है। प्रबंधन का कहना है कि इस बार पर्यटकों को किसी भी प्रकार की वाहन या आवास संबंधी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।


