राजधानी में बड़ा सस्पेंस — छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति खंडित, जोहार पार्टी ने राज्योत्सव से पहले रायपुर महाबंद का किया ऐलान

रायपुर, 30 अक्टूबर 2025 — राजधानी के तेलीबांधा वीआईपी चौक में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के विरोध में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने राज्योत्सव से एक दिन पहले 31 अक्टूबर को रायपुर महाबंद का आह्वान किया है। पार्टी ने इसे छत्तीसगढ़ की अस्मिता और आस्था पर हमला बताया है।

पार्टी ने आज आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि यह घटना 23 अक्टूबर के आसपास दिनदहाड़े हुई थी, लेकिन प्रशासन ने इसे छुपाने की कोशिश की, जिससे संदेह और गहराता जा रहा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि “सोची-समझी साजिश के तहत छत्तीसगढ़ महतारी की विशालकाय मूर्ति को आपराधिक तत्वों ने शत-विक्षत किया।”

जोहार पार्टी के नेताओं ने कहा कि मूर्तियों के खंडन के जरिए कुछ छत्तीसगढ़ विरोधी तत्व लगातार हमारी आस्था और स्वाभिमान को ललकार रहे हैं। यह घटना राज्योत्सव से ठीक पहले कर छत्तीसगढ़ की जनता की भावनाओं को आहत करने की साजिश है।

पार्टी ने कहा, “तेलीबांधा की यह हृदय विदारक घटना अक्षम्य है। छत्तीसगढ़ की जनता की आवाज को शासन और केंद्र सरकार तक पहुंचाने के लिए हम लोकतांत्रिक तरीके से 31 अक्टूबर, शुक्रवार को रायपुर महाबंद करेंगे।”

संगठन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि राजधानी के सभी व्यापारी, सामाजिक संगठन, कर्मचारी संघ, श्रमिक यूनियन और आम नागरिक अपने-अपने प्रतिष्ठान और कार्य एक दिन के लिए बंद रखकर छत्तीसगढ़ राज्य की अस्मिता और संस्कृति की रक्षा के प्रति अपनी निष्ठा प्रदर्शित करें।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने यह भी कहा कि यह बंद शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक ढंग से किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने वाले वास्तविक अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!