मुंगेली पुलिस की सख्त तैयारी! एसपी भोजराम पटेल ने क्राइम मीटिंग में दिए निर्देश — 15 दिन में निपटें केस, नशा-जुआ पर ताबड़तोड़ कार्रवाई का अल्टीमेटम

मुंगेली / विशेष रिपोर्ट ✍️
जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मुंगेली पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने 10 नवम्बर को जिला पुलिस कार्यालय के संवाद कक्ष में सभी थाना-चौकी प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों की क्राइम रिव्यू मीटिंग ली। बैठक में लंबित अपराधों, शिकायतों, मर्ग, महिला एवं गुमशुदा बालिकाओं से जुड़े मामलों से लेकर साइबर फ्रॉड तक की विस्तृत समीक्षा की गई।



🔹 15 दिन में निपटेंगे लंबित केस, 7 दिन में शिकायतों का निराकरण

एसपी पटेल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गंभीर अपराधों — हत्या, हत्या का प्रयास, चोरी, नकबजनी, झपटमारी एवं संपत्ति से जुड़े अपराधों — की विवेचना में किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थानों में प्राप्त सभी शिकायतों का 7 दिनों में निराकरण, और पुराने लंबित प्रकरणों का 15 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

🔹 साइबर अपराध पर त्वरित एक्शन

एसपी ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और cybercrime.gov.in पर दर्ज शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा — “साइबर अपराध के मामलों में हर मिनट की देरी, अपराधियों को फायदा पहुंचाती है। पुलिस की तत्परता ही जनता का विश्वास है।”

🔹 “ऑपरेशन मुस्कान” पर विशेष जोर

गुमशुदा नाबालिग बच्चों की शीघ्र बरामदगी के लिए “ऑपरेशन मुस्कान” को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को बालकों-बालिकाओं की खोज कर उन्हें सुरक्षित परिजनों को सौंपने के निर्देश दिए गए।

🔹 ग्रामीण क्षेत्रों में लागू हुई बीट प्रणाली

जिले में अब प्रत्येक 4 ग्रामों पर एक पुलिसकर्मी नियुक्त किया गया है। यह आरक्षक जनसंपर्क बढ़ाने, अपराध रोकथाम, नशा मुक्ति, साइबर जागरूकता और यातायात नियमों की जानकारी देने का काम करेगा।
थाना प्रभारी स्कूल-कॉलेज व सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

🔹 “ऑपरेशन बॉज” के तहत नशा, जुआ-सट्टा पर सख्त कार्रवाई

एसपी भोजराम पटेल ने सख्त चेतावनी दी —

“अवैध शराब, जुआ-सट्टा, गांजा और नशीले पदार्थों के कारोबार में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं चलेगी। संबंधित थाना प्रभारी जवाबदेह होंगे।”



🔹नए आपराधिक कानून में मुंगेली पुलिस का शानदार प्रदर्शन

नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद मुंगेली जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया —

60 दिनों में 77.58% प्रकरणों में चार्जशीट प्रस्तुत

90 दिनों में 82.14% प्रकरणों में न्यायालय में अभियोग पत्र दाखिल
इस सफलता पर एसपी ने पुलिस टीम को शुभकामनाएं दीं और बेहतर कार्यप्रणाली बनाए रखने के निर्देश दिए।


🔹 बैठक में शामिल अधिकारी

बैठक में उपस्थित रहे — अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक (पथरिया) नवनीत पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल/यातायात) संजय साहू, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, रक्षित निरीक्षक नरगिस तिग्गा बघेल तथा सभी थाना-चौकी प्रभारी।

अंत में एसपी भोजराम पटेल ने कहा

“कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारा सर्वोच्च कर्तव्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!