
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के यूनिटी मार्च के दौरान मंगलवार को पार्टी नेताओं के बीच जमकर विवाद हो गया। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के साथ “फर्स्ट लाइन” में चलने को लेकर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। स्थिति ऐसी बन गई कि बीच-बचाव के लिए खुद केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक को हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बीजेपी का यूनिटी मार्च तिफरा से शुरू हुआ ही था कि विवाद की स्थिति बन गई। फर्स्ट लाइन में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के साथ चलने की होड़ में विधायक सुशांत शुक्ला और प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे आमने-सामने आ गए। हर्षिता पांडे पहले से मंत्री के साथ बगल में खड़ी होकर चलने लगीं, जिससे सुशांत शुक्ला को स्थान नहीं मिल सका और वे सेकेंड लाइन में पीछे रह गए।
कुछ दूरी तय करने के बाद विधायक शुक्ला ने फिर से आगे आने की कोशिश की, जिस पर हर्षिता पांडे नाराज़ हो गईं। देखते ही देखते दोनों नेताओं के बीच सरेआम तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। दोनों ने एक-दूसरे को “देख लेने” जैसी बातें भी कह डालीं।
विवाद बढ़ता देख केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक ने दोनों को शांत कराया। हालांकि यूनिटी मार्च में हुए इस सरेआम विवाद ने बीजेपी की अंदरूनी खींचतान को उजागर कर दिया है।
👉 देखें वीडियो: यूनिटी मार्च में बीजेपी नेताओं के बीच सरेआम नोकझोंक, तोखन साहू ने किया बीच-बचाव
— छत्तीसगढ़ टाइम्स न्यूज


