प्रशासन द्वारा लगाया गया बैरिकेड 24 घंटे में टूटा — पिकअप वाहन ने तोड़कर पार किया, प्रशासनिक कार्यवाही पर अब नजर

बिलासपुर रोड से लगे पुलिस लाइन जाने वाली नहर रोड पर प्रशासन द्वारा बीती रात भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेड लगाया गया था। उद्देश्य यह था कि भारी वाहनों के दबाव से सड़क जल्द खराब न हो और मार्ग अधिक समय तक सुचारू बना रहे।



लेकिन हैरानी की बात यह रही कि बैरिकेड लगाए 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि एक पिकअप वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक बैरिकेड को तोड़ते हुए रास्ता पार कर लिया। इस घटना का वीडियो और फोटो प्रत्यक्षदर्शियों ने भेजे हैं, जिनमें साफ देखा जा सकता है कि प्रशासन की मंशा पर लापरवाह वाहन चालकों ने पानी फेर दिया।



स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा लगाया गया बैरिकेड कमजोर था, जो भारी वाहनों के दबाव में टिक नहीं सकता। उनका सुझाव है कि ऐसे स्थानों पर मजबूत और भारी लोहे के बैरिकेड लगाए जाएं, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और सड़क को नुकसान से बचाया जा सके।



फिलहाल, घटना की जानकारी प्रशासन तक पहुंच चुकी है और अब सभी की नजर प्रशासनिक कार्यवाही पर टिकी है — क्या दोषी वाहन चालक पर कार्रवाई होगी या यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!