
जिला शिक्षा अधिकारी ने कोदवाबानी हाइस्कूल का किया औचक निरीक्षण
मुंगेली, 19 नवंबर 2025 // कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार निरीक्षण और समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने शासकीय हाइस्कूल कोदवाबानी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं, शिक्षण-अध्यापन व्यवस्था, उपस्थिति पंजी तथा अनुशासन की विस्तार से जांच की गई।
जांच में व्याख्याता रामभजन देवांगन, मंजू श्रीवास, प्रमोद कुर्रे, विष्णु देवांगन, वीरेन्द्र कश्यप और भूपेन्द्र बांधी बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अनुपस्थित व्याख्याताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 3 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला मिशन समन्वयक अशोक कश्यप भी उपस्थित रहे।


