
मुंगेली, 19 नवंबर 2025// उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज नगरपालिका परिषद मुंगेली क्षेत्र में 29 करोड़ 90 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। आगर खेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने करोड़ों रुपये के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। नगर पालिका, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और लोक निर्माण विभाग के कुल 1755.12 लाख रुपये के 91 कार्यों का लोकार्पण तथा 1241.79 लाख रुपये के 23 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और वंदेमातरम के साथ हुई। मंच पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। विभिन्न समाजों—ब्राह्मण, क्षत्रिय, देवांगन, साहू और यादव—के प्रतिनिधियों ने भी सम्मान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, एसडीएम अजय शतरंज, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री साव ने परशुराम चौक सौंदर्यीकरण, मूर्ति स्थापना, वार्ड 11 और 20 में सामुदायिक भवन निर्माण, वार्ड 13 में प्रसाधन युक्त बस स्टॉप सहित कई कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ 76 सीसी रोड, नालियां, बाउंड्रीवाल, विद्युतीकरण तथा अन्य अधोसंरचना कार्यों का उद्घाटन किया गया। बालानी चौक में माता परमेश्वरी चौक सौंदर्यीकरण, अधिकारी-कर्मचारी आवास निर्माण, हाईमास्ट लाइट स्थापना, भक्त माता कर्मा चौक निर्माण, साहूपारा सामुदायिक भवन निर्माण, बालवाटिका जीर्णोद्धार, आगर खेल परिसर सुधार सहित महाराणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा स्थापना के कार्यों का भूमिपूजन भी हुआ।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि मुंगेली के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले 20 महीनों में नगर पालिका को विभिन्न योजनाओं के तहत 92 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है। उन्होंने नागरिकों से शहर के विकास में सहयोग की अपील की।

विधायक पुन्नूलाल मोहले ने 29.90 करोड़ की सौगात के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि धान खरीदी शुरू हो चुकी है और पंजीकृत किसान अपना धान विक्रय कर सकते हैं। नगर पालिका अध्यक्ष ने भी विकास कार्यों के लिए धन्यवाद देते हुए नशामुक्ति अभियान में सहभागिता की अपील की। कलेक्टर ने बताया कि मुंगेली विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और सभी केंद्रों में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है।
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर ने उपमुख्यमंत्री साव को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री वितरित की गई। इसमें मत्स्य विभाग से दो हितग्राहियों को महाजाल व आइस बॉक्स, उद्यानिकी विभाग से ग्राफ्टेड बैंगन हेतु सहायता राशि, समाज कल्याण विभाग से श्रवण यंत्र, शिक्षा विभाग से श्रवण यंत्र और मैग्नीफायर, एमआरकिट, नगर पालिका से भवन अनुज्ञा पत्र, विद्युत विभाग से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रमाणपत्र, स्वास्थ्य विभाग से आयुष्मान व वय वंदना कार्ड, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से लखपति दीदी प्रमाणपत्र तथा सीआईएफ डेमो चेक का वितरण किया गया।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी होरीसिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।


