अपूर्ण आवासों पर सख्ती: मुंगेली में PM आवास योजना के 2,956 भवन अब तक अधूरे

मुंगेली, 19 नवंबर 2025// प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद पंचायत मुंगेली में वर्ष 2016 से 2025 तक कुल 29,139 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 26,183 आवास पूर्ण हो चुके हैं। शेष 2,956 अपूर्ण आवासों को जल्द पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से तीव्र अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के निर्देशानुसार ग्राम स्तर पर लगातार चौपाल लगाकर हितग्राहियों को आवास पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।


इसी क्रम में 19 नवंबर 2025 को जनपद पंचायत मुंगेली अंतर्गत ग्राम पंचायत गिधा, लिम्हा, डोमनपुर, दरसंगपुर और सोधार में एसडीएम अजय शतरंज तथा सीईओ राकेश साहू द्वारा अपूर्ण आवासों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपूर्ण आवास वाले हितग्राहियों को त्वरित रूप से आवास कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवास राशि को समयसीमा में उपयोग करने तथा राशि का किसी अन्य कार्य में उपयोग न करने के संबंध में समझाइश भी दी गई।



निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया कि कार्य में लापरवाही या राशि के दुरुपयोग की स्थिति मिलने पर शासन के नियमों के अनुसार संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि आगामी दिनों में वसूली की प्रक्रिया की जा सके।

निरीक्षण कार्यक्रम में मनरेगा अधिकारी अशोक साहू, तकनीकी सहायक आवास विनय कुर्मी, विकास खंड समन्वयक नरेंद्र यादव, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!