ब्रेकिंग न्यूज

द्वेषपूर्ण निलंबन के विरोध में 19 जनवरी को संभाग स्तरीय CMHO घेराव का ऐलान

मुंगेली।
स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ ने मुंगेली जिले के जिला अध्यक्ष के विरुद्ध की गई निलंबन कार्रवाई को द्वेषपूर्ण, अन्यायपूर्ण और तानाशाहीपूर्ण करार देते हुए इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने की घोषणा की है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई कर्मचारियों की लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने का प्रयास है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।


प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार संघ द्वारा 19 जनवरी 2026, सोमवार को संभाग स्तरीय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस आंदोलन में संभाग के सभी जिलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी शामिल होंगे।


संघ का कहना है कि निलंबन कार्रवाई न केवल एक कर्मचारी के सम्मान पर आघात है, बल्कि पूरी कर्मचारी व्यवस्था के अधिकारों पर सीधा हमला है। संघ ने प्रशासन के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी हैं, जिनमें जिला अध्यक्ष का निलंबन तत्काल निरस्त करना, कर्मचारियों के संवैधानिक एवं संघीय अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करना तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की दमनात्मक कार्रवाई न करने की गारंटी शामिल है।


संघ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन की संपूर्ण नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, मुंगेली डॉ. शीला साहा की होगी। साथ ही आंदोलन के कारण यदि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं, तो उसकी जिम्मेदारी भी प्रशासन की ही मानी जाएगी।


संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रस्तावित आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण, अनुशासित और संवैधानिक दायरे में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!