ब्रेकिंग न्यूज

आत्मा सिंह क्षत्रिय बने छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव, मुंगेली में हर्ष का माहौल

मुंगेली।
अखिल भारतीय किसान कांग्रेस संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता आत्मा सिंह क्षत्रिय को छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से मुंगेली सहित पूरे क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसान कांग्रेस पदाधिकारियों में उत्साह और हर्ष का माहौल है।


यह नियुक्ति अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा एवं राष्ट्रीय प्रभारी अखिलेश शुक्ला की सहमति से की गई है। साथ ही छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, संगठन प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदु, राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी किसान कांग्रेस मनोज नचार तथा राम मोहन बरुआ की अनुमति एवं प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा की अनुशंसा पर यह निर्णय लिया गया।


नियुक्ति पत्र में संगठन ने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है कि आत्मा सिंह क्षत्रिय अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और ऊर्जा के साथ करेंगे तथा उनके नेतृत्व में किसान कांग्रेस छत्तीसगढ़ के किसानों के हितों की रक्षा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।


आत्मा सिंह क्षत्रिय का राजनीतिक जीवन चार दशकों से अधिक समय से सक्रिय रहा है। उन्होंने वर्ष 1984 में एस.एन.जी. महाविद्यालय मुंगेली के निर्वाचित अध्यक्ष के रूप में राजनीति में प्रवेश किया। इसके बाद वे गुरु घासीदास विश्वविद्यालय बिलासपुर की पत्रिका समिति के सचिव (1986), छात्र नागरिक संघर्ष समिति मुंगेली के सचिव (1987) तथा युवा कांग्रेस मुंगेली ग्रामीण अध्यक्ष (1993) रहे।
उन्होंने शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष (1995), प्रांतीय उपाध्यक्ष भारतीय किसान कांग्रेस (1996), प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य (1998), विधायक प्रतिनिधि मुंगेली विधानसभा (2003–2008), झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के जिलाध्यक्ष (2013), जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली के उपाध्यक्ष (2013), लोरमी विधानसभा प्रभारी (2014) एवं प्रदेश उपाध्यक्ष जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ (2016) जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।
उन्होंने मार्च 2018 से मार्च 2020 तक जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली के अध्यक्ष के रूप में संगठन का सफल नेतृत्व किया। साथ ही AICC समन्वयक के रूप में उत्तर प्रदेश एवं असम में विधानसभा और पंचायत चुनावों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। स्थानीय स्तर पर वे कृषि उपज मंडी समिति मुंगेली के अध्यक्ष (2021–2023) तथा ठक्कर बाबा शिक्षण समिति के अध्यक्ष (2001 से वर्तमान) भी रह चुके हैं।
उनकी नियुक्ति पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि मकबूल खान, राम तालरेजा, धीरज पाण्डेय, शकील खान सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने विश्वास जताया कि आत्मा सिंह क्षत्रिय के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से किसान कांग्रेस को नई दिशा मिलेगी और छत्तीसगढ़ के किसानों की आवाज़ प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती से उठेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!