ब्रेकिंग न्यूज

बिलासपुर में सनसनीखेज लूट: कार रोककर सराफा व्यापारी पर हथौड़ा-पिस्टल से हमला,जेवर लेकर फरार

राजकिशोर नगर में रात 9:30 बजे वारदात, गंभीर रूप से घायल व्यापारी अस्पताल में भर्ती, CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज


बिलासपुर। शहर के राजकिशोर नगर क्षेत्र में मंगलवार रात सराफा व्यापारी के साथ हुई लूट और जानलेवा हमले की वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने कार रोककर व्यापारी पर हथौड़े और पिस्टल के ग्रिप से हमला किया और करीब एक करोड़ रुपये के जेवर लूटकर उनकी कार समेत फरार हो गए। घायल व्यापारी की हालत गंभीर बनी हुई है।


घर के पास ही घात लगाकर किया हमला
राजकिशोर टेलीफोन एक्सचेंज रोड निवासी संतोष तिवारी की बसंत विहार चौक स्थित वालिया कॉम्प्लेक्स में महालक्ष्मी ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर वे कार से घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पहले ही बदमाशों ने वेन अड़ाकर उनकी कार रोक ली।
कार रुकते ही बदमाशों ने संतोष तिवारी पर हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपितों ने उनके सिर पर हथौड़े और पिस्टल के पिछले हिस्से से वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
एक करोड़ के जेवर लेकर फरार


जानकारी के अनुसार व्यापारी अपनी कार में करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर जा रहे थे। बदमाश उनकी कार लेकर फरार हो गए, जबकि अपनी वेन और बाइक मौके पर ही छोड़ गए। घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से घायल व्यापारी को बहतराई रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।


छीना-झपटी में गिरा मैग्जीन और कारतूस
हमले के दौरान व्यापारी ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया। इस दौरान छीना-झपटी में पिस्टल का मैग्जीन और दो जिंदा कारतूस सड़क पर गिर गए। कुछ जेवर भी सड़क पर बिखर गए। इसके बाद बदमाशों ने व्यापारी के साथ मारपीट कर उन्हें घायल अवस्था में छोड़ दिया।


स्कूटी सवार युवक को भी धमकाया
पूरी घटना पास के मकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बदमाश व्यापारी से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक वहां पहुंचा, लेकिन बदमाशों ने उसे पिस्टल दिखाकर धमकाया और मौके से भगा दिया।
पुलिस ने शुरू की घेराबंदी, IG पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही आईजी रामगोपाल गर्ग मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार बदमाश जिन वाहनों से आए थे, उन्हें मौके पर छोड़कर फरार हुए हैं। उनके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच की जा रही है।


सरकंडा पुलिस की टीम शहर और आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर आरोपितों के संभावित भागने के रास्तों की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!