मुंगेली से घर लौट रहे रिटायर्ड वरिष्ठ लेखापाल रहस्यमयी ढंग से लापता, राजपूत समाज में उबाल

दो दिन बाद भी नहीं लगा सुराग, एसएसपी से त्वरित कार्रवाई और सकुशल वापसी की मांग

लोरमी/मुंगेली। मुंगेली जिले में एक सेवानिवृत्त वरिष्ठ लेखापाल के रहस्यमयी तरीके से लापता होने से सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि शिक्षा विभाग से रिटायर्ड दामोदर सिंह राजपूत 21 मार्च 2026 को मुंगेली से अपने गृहग्राम झाफल, लोरमी नवरात्रि पूजा के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में अचानक गायब हो गए। हैरानी की बात यह है कि घटना के दो दिन बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका है।


इस मामले ने अब सामाजिक रंग भी ले लिया है। राजपूत क्षत्रिय समाज लोरमी ने इस गुमशुदगी को बेहद गंभीर बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली को ज्ञापन सौंपकर तत्काल खोजबीन तेज करने की मांग की है। समाज का कहना है कि दामोदर सिंह राजपूत एक सम्मानित, संभ्रांत और सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्ति हैं, ऐसे में उनका इस तरह अचानक लापता हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।


ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि दामोदर सिंह राजपूत, पिता बारोलाल राजपूत, ग्राम झाफल निवासी हैं और मुंगेली के करही जलेरा रोड स्थित किराये के मकान में रह रहे थे। 21 मार्च को वे अपने गांव के लिए निकले, लेकिन घर नहीं पहुंचे। परिजनों और रिश्तेदारों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की, मगर अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।


इस घटना के बाद राजपूत समाज में नाराजगी और बेचैनी का माहौल बताया जा रहा है। समाज के पदाधिकारियों ने साफ कहा है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आक्रोश और बढ़ सकता है। समाज ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले को सामान्य गुमशुदगी मानकर न टाला जाए, बल्कि हर पहलू से जांच कर दामोदर सिंह राजपूत को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए।


मामला अब जिले में चर्चा का विषय बन गया है। एक सम्मानित सेवानिवृत्त अधिकारी का इस तरह रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो जाना लोगों के बीच कई तरह की आशंकाओं को जन्म दे रहा है। अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!