मुंगेली के शिवम सिंह राजपूत बने दिल्ली दूरदर्शन के ‘बी-ग्रेड’ कथक कलाकार

मुंगेली। मुंगेली के युवा कथक कलाकार शिवम सिंह राजपूत ने अपनी प्रतिभा, निरंतर रियाज़ और वर्षों की साधना के बल पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन दूरदर्शन केंद्र, दिल्ली में ‘बी-ग्रेड’ कथक कलाकार के रूप में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से मुंगेली सहित पूरे छत्तीसगढ़ में हर्ष और गर्व का माहौल है।

शिवम सिंह राजपूत ने इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की है। वर्तमान में वे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कथक, नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कथक की पढ़ाई कर रहे हैं।

अपनी सफलता का श्रेय शिवम अपने कथक गुरु धीरेंद्र तिवारी को देते हैं। उन्होंने बताया कि गुरु के मार्गदर्शन, आशीर्वाद और निरंतर प्रेरणा ने उनकी कला यात्रा को नई दिशा दी तथा उन्हें निरंतर बेहतर करने के लिए प्रेरित किया।

शिवम के पिता विष्णु सिंह राजपूत ग्राम पंचायत सचिव हैं, जबकि उनकी माता शकुंतला राजपूत पीएमश्री बी.आर. साव शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, मुंगेली में प्रधानपाठक हैं। परिवार के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन ने भी शिवम की कथक साधना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

दूरदर्शन केंद्र दिल्ली में ‘बी-ग्रेड’ कथक कलाकार के रूप में चयन शिवम के वर्षों के कठिन परिश्रम, अनुशासन और कथक के प्रति समर्पण का परिणाम है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और गुरु के लिए, बल्कि मुंगेली और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!