छात्रों की समस्याओं को लेकर जिले के कॉलेजों में पहुंचेगी NSUI, शिक्षा व्यवस्था से लेकर छात्रवृत्ति तक के मुद्दे उठाएगी संगठन
मुंगेली। छात्र हितों की आवाज बुलंद करने और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के उद्देश्य से NSUI जिला मुंगेली ने ‘कैंपस चलो अभियान’ की शुरुआत की है। अभियान के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भिलाई नगर विधायक एवं AICC राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव के भिलाई स्थित निवास कार्यालय में किया गया।
इस अभियान के माध्यम से NSUI जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेगी और उनकी समस्याओं को जानकर समाधान के लिए आवाज उठाएगी। संगठन ने अभियान का संदेश ‘शिक्षा, संगठन, संघर्ष’ और ‘छात्रों की बात, छात्रों के साथ’ रखा है।
अभियान के तहत बेहतर शिक्षा व्यवस्था, कॉलेज परिसरों की सुरक्षा, पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति, नए शैक्षणिक अवसर और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। NSUI का लक्ष्य प्रत्येक कॉलेज और प्रत्येक छात्र तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से मजबूती से सामने लाना है।
पोस्टर विमोचन के दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने NSUI की इस पहल की सराहना करते हुए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
NSUI जिलाध्यक्ष नागेश गुप्ता ने बताया कि जल्द ही मुंगेली जिले के सभी महाविद्यालयों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके जरिए विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए चरणबद्ध तरीके से प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर, NSUI जिलाध्यक्ष नागेश गुप्ता, दीपचंद अनंत, अनमोल सिंह, रविन्द्र अंचल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अब देखना होगा कि ‘कैंपस चलो अभियान’ के जरिए NSUI छात्र समस्याओं को कितनी मजबूती से उठाती है और कॉलेजों में विद्यार्थियों की आवाज किस स्तर तक पहुंचा पाती है।

The News Related To The News Engaged In The Chhattisgarh Times News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
