रायपुर। प्रदेश में पिछले 41 दिनों से जारी पटवारियों की हड़ताल आखिरकार स्थगित कर दी गई है। मुख्यमंत्री निवास रायपुर में रविवार को मुख्यमंत्री और प्रांतीय राजस्व पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई सकारात्मक चर्चा के बाद संघ ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया।
बैठक के दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप ने मुख्यमंत्री के समक्ष संघ की चार सूत्रीय मांगों को विस्तारपूर्वक रखा। चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए आश्वासन दिया कि हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के विरुद्ध की गई प्रशासनिक कार्रवाइयों को निरस्त करने के लिए सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया जाएगा।
इसके साथ ही वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़े मामलों के निराकरण के लिए तत्काल कमेटी गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री की इस सकारात्मक पहल के बाद राजस्व पटवारी संघ ने 41 दिनों से जारी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। इस निर्णय से प्रदेशभर के पटवारियों में राहत की उम्मीद जगी है। वहीं आम नागरिकों के राजस्व संबंधी कार्यों में भी अब तेजी आने की संभावना है।
बैठक में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप, कार्यकारी अध्यक्ष ज्योतिष सर्वे, कोषाध्यक्ष प्रमोद टंडन, महामंत्री सतीश चंद्राकर, उपाध्यक्ष आलोक तिवारी, मुरली मनोहर वर्मा, देव कश्यप एवं गुरु दीवान सहित संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Chhattisgarh Times News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
