मुंगेली । इंडिया (I.N.D.I.A.) गठबंधन के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित विशाल ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। युवा कांग्रेस के मुंगेली जिलाध्यक्ष राजेश छैदइया तथा एनएसयूआई जिलाध्यक्ष नागेश गुप्ता के संयुक्त नेतृत्व में सैकड़ों ऊर्जावान कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प लेकर दिल्ली पहुंचे।
लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प
रैली स्थल पर पहुंचे मुंगेली के युवा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा, पार्टी के झंडे और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लिखी तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश छैदइया ने कहा कि आज देश का लोकतंत्र और नागरिकों के बुनियादी अधिकार गंभीर चुनौतियों से जूझ रहे हैं। वोट की शक्ति ही आम नागरिक की सबसे बड़ी ताकत है, और जब संवैधानिक संस्थाओं तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर दबाव बनाया जाने लगे, तब युवाओं का सड़कों पर उतरना अनिवार्य हो जाता है। मुंगेली का युवा वर्ग देश के संविधान और आम आदमी के मताधिकार की रक्षा के लिए दिल्ली तक अपनी आवाज पहुंचाने आया है।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष नागेश गुप्ता ने छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश का शिक्षित युवा बढ़ती बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा के लगातार हो रहे व्यवसायीकरण से त्रस्त है। देश भर के छात्र और नौजवान अपने भविष्य को लेकर आशंकित हैं। इंडिया गठबंधन की यह महारैली केवल एक राजनीतिक जमावड़ा नहीं, बल्कि युवाओं के रोजगार, पारदर्शी चुनावी प्रणाली और लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने का राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन है। जब तक युवाओं को उनका हक और न्याय नहीं मिल जाता, छात्र संगठन हर मोर्चे पर संघर्ष जारी रखेगा।
उक्त महारैली में युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव लक्ष्मीकांत भास्कर, भावेश शर्मा, नितेश चतुर्वेदी, लैनदास, योगेश्वर सिंह, अनमोल ठाकुर, निखिल साहू, प्रांजल साहू, सुरेंद्र यादव, सागर जायसवाल, सुमित चंदेल, निक्कू साहू, यशवंत यादव, नवीन कश्यप सहित कार्यकर्ता शामिल हुए

The News Related To The News Engaged In The Chhattisgarh Times News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
