मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुंगेली दौरे के बीच जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है। युवा कांग्रेस और NSUI के कुछ पदाधिकारियों के मोबाइल फोन बंद आने की चर्चा के बीच राजनीतिक गलियारों में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच NSUI जिलाध्यक्ष नागेश गुप्ता ने छात्र हितों से जुड़े गंभीर मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने की तैयारी की है।

जानकारी के अनुसार, युवा कांग्रेस एवं NSUI के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिले की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को रखने के लिए समय मांगा था। चर्चा यह भी थी कि यदि मुलाकात का अवसर नहीं मिलता है तो वे स्वयं मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

इसी क्रम में NSUI जिलाध्यक्ष नागेश गुप्ता ने शासकीय पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास, मुंगेली की बदहाल स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन तैयार किया है। ज्ञापन में छात्रावास भवन की जर्जर हालत, छत और दीवारों से प्लास्टर गिरने तथा बारिश के दिनों में परिसर में जलभराव की गंभीर समस्या का उल्लेख किया गया है।
NSUI ने मांग की है कि जर्जर छात्रावास भवन के स्थान पर तत्काल नए भवन की स्वीकृति दी जाए। साथ ही परिसर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाली निर्माण एवं उचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर आवासीय वातावरण मिल सके।
वहीं, पदाधिकारियों के मोबाइल फोन बंद आने और उनके वर्तमान ठिकाने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि प्रशासन की ओर से मुलाकात की अनुमति नहीं दी गई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश कर रहे युवा कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारियों को मुलाकात का अवसर मिलेगा? क्या छात्रावास की बदहाली और विद्यार्थियों की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर मुख्यमंत्री संज्ञान लेंगे, या विपक्षी युवा संगठनों की मांग केवल ज्ञापन तक ही सीमित रह जाएगी?
फिलहाल मुख्यमंत्री के दौरे के बीच मुंगेली की सियासत में इन सवालों को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

The News Related To The News Engaged In The Chhattisgarh Times News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
